
लालगंज (बलिया)। क्षेत्र के शिवपुर कपूर दिया सेंमरिया स्थित रामानुज आश्रम में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा सह लक्ष्मी नारायण महायज्ञ के अंतर्गत जल यात्रा के दूसरे दिन सोमवार को विधि-विधान से यज्ञीय अनुष्ठान संपन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान पंचांग पूजन एवं मंडप प्रवेश के पश्चात 33 कोटी देवी-देवताओं का आह्वान कर पूजन किया गया।
जगतगुरु रामानुजाचार्य श्री स्वामी राधाकृष्णाचार्य जी की उपस्थिति में आरणि मंथन द्वारा अग्नि उत्पत्ति कराई गई, जिसके बाद विधिवत हवन प्रारंभ किया गया। महायज्ञ के लिए प्रधान बेदी सहित कुल पांच वेदियों का निर्माण कराया गया है।
यज्ञ में वाराणसी से पधारे अजय शास्त्री, धीरज शास्त्री, अभिमन्यु शास्त्री सहित स्थानीय विद्वान पंडित योगेंद्र नाथ दुबे एवं क्षेमेंद्र उपाध्याय द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ समस्त पूजन-अर्चन संपन्न कराया गया। प्रधान यजमान के रूप में हरेराम सिंह एवं जयप्रकाश यादव ने अनुष्ठान में सहभागिता निभाई।



