
आमलोगों को आवागमन में परेशानी
बांसडीह(बलिया)। बांसडीह, बलिया फोरलेन स्टेट हाइवे मुख्य सड़क पर बलिया शहर के परिखरा के पास नाला का गंदा पानी सड़क पर बहने से आमलोगों के आवागमन की परेशानी बढ़ गई है। नाला का गंदा पानी सड़क पर बहने से गड्ढे बन गए हैं तथा लोग गंदे पानी के बीच ही आवागमन कर रहें हैं। क्षेत्र के लोगों ने डीएम को पत्रक देकर समस्या के समाधान की मांग किया है।
मुख्य सड़क पर महावीर कालोनी के पास एक माह से डिवाइडर तक पिच सड़क पर नाला का गंदा पानी बह रहा है। इसी के बीच से होकर आमलोगों के साथ प्रशासनिक अधिकारियों की आवाजाही भी हो रही है। फिर भी समस्या के प्रति कोई गंभीर नहीं है। क्षेत्र के लोगों के बताया कि परिखरा स्थित कुशवाहा कालोनी के सामने से पाकिंग होटल मंदिर के पास तक नाला का पानी पूरब की पूरी सड़क पर लम्बी दूरी तक बह रहा है। मंदिर व कालोनी में भी गंदे पानी की सड़ांध के बीच लोगों को आवागमन करना पड़ रहा है। अगल-बगल की कई कालोनी के लोगों के साथ ही सड़क से आने-जाने वाले लोग परेशान हैं। मुख्य सड़क से आवागमन करने वाले तथा कालोनी में रहने वाले राजेश सिंह, करन सिंह, चन्द्रमा सिंह, चन्द्रिका सिंह, रमेश यादव, प्रियांशु तिवारी, आकाश श्रीनेत आदि ने शुक्रवार को डीएम को ज्ञापन सौंपकर फोरलेन मुख्य सड़क से नाला का गंदा पानी साफ कराने तथा सड़क की मरम्मत कराने की मांग किया है।



