एक्सीडेंटबलियाबिग ब्रेकिंग

टाउन हॉल रोड स्थित मिर्ची रेस्टोरेंट में लगी आग,बड़ा हादसा टला

5 दिनों में शहर कोतवाली क्षेत्र में आग की दूसरी बड़ी घटना,दमकल की तीन गाड़ियों ने पाया काबू

बलिया। शहर कोतवाली थाना क्षेत्र में महज पांच दिनों के भीतर आग लगने की दूसरी बड़ी घटना सामने आने से हड़कंप मच गया। अभी चार दिन पहले ही विश्नीपुर चौराहे स्थित एक दवा दुकान में भीषण आग लगी थी, जिसमें लाखों का सामान जलकर खाक हो गया था। वहीं रविवार को शहर के पॉश इलाके टाउन हॉल रोड स्थित चर्चित मिर्ची रेस्टोरेंट में अचानक आग लग गई।

मिली जानकारी के अनुसार घटना के समय रेस्टोरेंट खुला हुआ था और कर्मचारी अंदर मौजूद थे। इसी दौरान रसोई में काम चल रहा था कि तंदूर की भट्टी से निकली चिंगारी ने आग पकड़ ली। देखते ही देखते आग पूरी रसोई में फैल गई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
रेस्टोरेंट संचालक गुड्डू सिंह ने बताया कि तंदूर का कोयला जल रहा था, जिससे निकली चिंगारी के कारण आग लगी। हालांकि कर्मचारियों ने शुरुआती स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया और रेस्टोरेंट में मौजूद सुरक्षा उपकरणों का इस्तेमाल भी किया गया।
आग की सूचना मिलते ही स्थानीय कोतवाली पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दमकल की तीन गाड़ियों को लगाया गया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद समय रहते आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। हालांकि तब तक रेस्टोरेंट के अंदर चारों तरफ काला धुआं भर चुका था।
गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई और बड़ा नुकसान टल गया। हालांकि आग बुझाने में इस्तेमाल किए गए पानी के कारण रसोई में रखा भारी मात्रा में खाने-पीने का सामान खराब हो गया।फायर ब्रिगेड की तत्परता और कर्मचारियों की सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button