
बांसडीह(बलिया)। सरयू नदी के मलाही चक घाट पर शनिवार को दिन में नहाते समय एक युवक गहरे पानी में डूब गया। नहाते समय देखते ही देखते युवक आंखों से ओझल हो गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों व पुलिस स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में युवक की तलाश कर रहें है। समाचार लिखे जाने तक युवक नहीं मिल सका है। मनियर थाना क्षेत्र के ग्राम मानिकपुर (महेंद्रा) गांव निवासी 22 वर्षीय यश ठाकुर अपने मित्रों के साथ खादीपुर गांव के मलाही चक क्षेत्र में क्रिकेट मैच खेलने आया था। खेल समाप्त होने के बाद यश अपने गांव के साथियों राहुल मिश्रा, रूपेश चौहान, दिलीप, अनमोल, राहुल कनौजिया व अभिषेक बजरंगी के साथ गर्मी से राहत पाने के लिए सरयू नदी के तट पर पहुंचा । नदी में स्नान के दौरान सभी साथी अचानक गहरे पानी और तेज धारा प्रवाह की चपेट में आ गए। जलस्तर और वेग अधिक होने के कारण सभी घबरा गए और सुरक्षित किनारे की ओर भागने का प्रयास करने लगे। इसी संघर्ष में अन्य साथी तो सुरक्षित बाहर निकल आए लेकिन यश ठाकुर लहरों से पार नहीं पा सका और गहरे पानी में डूब गया।



युवक को डूबता देख बाहर निकले साथियों ने शोर मचाया। मौके पर पहुंचे ग्रामीण बड़ी संख्या में एकत्र हो गए तथा कुछ नदी में युवक की तलाश किए। घटना की जानकारी मिलते ही तहसीलदार नितिन सिंह और प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए हैं। स्थानीय गोताखोरों को नदी में उतारकर युवक की खोजबीन कराई जा रही है। तहसीलदार ने बताया कि लापता युवक की तलाश के लिए एनडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया है। मौके पर पहुंचे परिजनों व साथ गए साथियों का रो-रोकर बुरा हाल है।



