बांसडीह तहसील में 25 दिन से जारी धरने पर सख्ती:एसडीएम का नोटिस,10 दिन में समाधान का भरोसा

बांसडीह । गोड़ जाति प्रमाण पत्र निर्गत कराने की मांग को लेकर तहसील परिसर में लगभग 25 दिनों से धरना दे रहे प्रदर्शनकारियों को एसडीएम बांसडीह अभिषेक प्रियदर्शी ने नोटिस जारी करते हुए 28 अप्रैल को ही आंदोलन समाप्त करने का निर्देश दिया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि धरना खत्म नहीं हुआ तो संबंधित लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्यवाही की जाएगी। एसडीएम ने जारी नोटिस के साथ स्वयं तहसीलदार नितिन सिंह के साथ उपस्थित होकर प्रदर्शनकारियों से कहा कि उमाशंकर गोड़, सुरेश शाह और मनोज शाह सहित अन्य लोगों ने 30 मार्च को जाति प्रमाण पत्र के लिए पत्रक सौंपा था। तहसीलदार बांसडीह को नियमानुसार जांच के निर्देश पहले ही दिए जा चुके हैं। प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों को आश्वस्त किया है कि उनके प्रार्थना पत्रों की जांच प्राथमिकता के आधार पर की जा रही है और अगले दस दिनों के भीतर सभी आवेदनों पर आवश्यक कार्यवाही पूरी कर ली जाएगी। एसडीएम ने कहा कि आंदोलनकारी दो अप्रैल से तहसील परिसर में बिना किसी आधिकारिक अनुमति के आंदोलन कर रहे हैं, जिससे सरकारी कार्य में बाधा और परिसर की व्यवस्था प्रभावित हो रही है। कहा गया है कि बार बार समझाने के बावजूद प्रक्रिया का पालन नहीं किया जा रहा है।एसडीएम ने इस मामले की प्रतिलिपि थानाध्यक्ष बांसडीह को भेजते हुए आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए हैं। साथ ही नायब नाजिर को निर्देशित किया है कि संबंधित पक्षों को इस आदेश से तत्काल अवगत कराएं। प्रशासन की इस सख्ती के बाद तहसील परिसर में धरना दे रहे लोगों में गहमागहमी का माहौल बना हुआ है।
एसडीएम अभिषेक प्रियदर्शी ने बताया कि प्रार्थना पत्रों की जांच तेजी से चल रही है। 10 दिन में समाधान का भरोसा दिया गया है। बिना अनुमति आंदोलन जारी रखने पर विधिक कार्यवाही की जाएगी।



