एक्सीडेंटबलियाबिग ब्रेकिंग

बलिया में पीपा पुल टूटा,फंसे लोगों को सुरक्षित निकाला गया


बलिया । जिले के माल्देपुर क्षेत्र में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब पीपा पुल टूटने की सूचना सामने आई। घटना की जानकारी मिलते ही आपदा कंट्रोल रूम बलिया तुरंत सक्रिय हो गया और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया।
सूचना के अनुसार पुल टूटने के कारण करीब 5–6 लोगों के फंसे होने की खबर मिली थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ने तत्काल अग्निशमन एवं आपात सेवा टीम को मौके पर भेजने के निर्देश दिए। साथ ही अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग और उप जिलाधिकारी सदर को भी सूचित किया गया।

घटना स्थल पर कोतवाली की पीआरबी 6430 टीम सबसे पहले पहुंची और राहत कार्य में जुट गई। पास में उपलब्ध एल एंड टी की स्टीमर की मदद से पुलिस और बचाव दल ने संयुक्त रूप से अभियान चलाया। तत्परता दिखाते हुए पीपा पुल पर फंसे पांच लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। मौके पर मौजूद नाविकों ने भी बचाव कार्य में अहम सहयोग दिया।
प्रशासन द्वारा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और इलाके में सतर्कता बढ़ा दी गई है। खराब मौसम को देखते हुए आपदा कंट्रोल रूम अलर्ट मोड पर है और पूरे जनपद में किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए टीमें तैयार रखी गई हैं। फिलहाल हालात पूरी तरह नियंत्रण में बताए जा रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button