
बलिया। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के शिवपुर दियर स्थित पांडे का डेरा में शुक्रवार की रात एक शादी समारोह उस समय मातम में बदल गया,जब हर्ष फायरिंग के दौरान संजय यादव के 12 वर्षीय पुत्र वीर उर्फ पीयूष की गोली लगने से मौत हो गई। घटना रात लगभग 10:15 बजे की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार,बारात में शामिल एक व्यक्ति द्वारा की जा रही हर्ष फायरिंग के दौरान गोली चल गई, जो सीधे बालक को लग गई। बताया जा रहा है कि फायरिंग करने वाला व्यक्ति मृतक का रिश्तेदार ही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फील्ड यूनिट टीम द्वारा साक्ष्य संकलन की कार्रवाई की गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी हाउस भेज दिया है।
परिजनों से प्राप्त तहरीर के आधार पर पुलिस द्वारा संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन कर दिया गया है और उसकी तलाश जारी है।
इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) संजय वर्मा ने बताया कि मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



