
महिला सशक्तिकरण के लिए ऐतिहासिक बनी बलिया की विधायक
बांसडीह( बलिया)। उत्तर प्रदेश विधानसभा में गुरूवार को महिला शक्ति वंदन अधिनियम और नारी सशक्तिकरण विषय पर आयोजित विशेष सत्र के दौरान बांसडीह विधायक केतकी सिंह का विधानसभा अध्यक्ष की कुर्सी पर बैठकर सदन की कार्यवाही संचालित करना बांसडीह सहित पूरे बलिया जनपद के लिए गर्व और सम्मान का ऐतिहासिक क्षण बन गया हैं। यह अवसर बलिया जनपद में महिला नेतृत्व की सशक्त उपस्थिति का पहली बार प्रतीक बना हैं । महिलाओं की बढ़ती राजनीतिक भागीदारी का भी प्रभावशाली संदेश देने वाला रहा हैं। क्षेत्र के महिलाओं ने केतकी सिंह को बधाई दी है।
सत्र के दौरान पीठासीन अधिकारी (अधिष्ठाता)के रूप में केतकी सिंह ने जिस आत्मविश्वास, गरिमा और दक्षता के साथ सदन की कार्यवाही का संचालन किया, उसने यह साबित कर दिया कि महिलाएं केवल राजनीतिक भागीदारी तक सीमित नहीं हैं, बल्कि नेतृत्व की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों को भी सफलतापूर्वक निर्वहन करने में सक्षम हैं। उत्तर प्रदेश विधानसभा जैसे महत्वपूर्ण लोकतांत्रिक मंच पर जनपद की किसी महिला विधायक का अध्यक्षीय आसन पर बैठना अपने आप में विशेष महत्व रखता है। महिला शक्ति वंदन अधिनियम और नारी सशक्तिकरण जैसे अहम विषय पर आयोजित इस विशेष सत्र में केतकी सिंह ने संसदीय परंपराओं और नियमों का पालन करते हुए सदन को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित किया और अपने नेतृत्व कौशल का प्रभावशाली परिचय दिया।
बांसडीह की जनता के लिए यह क्षण इसलिए भी विशेष रहा क्योंकि उनके क्षेत्र की विधायक ने विधानसभा के सर्वोच्च दायित्वों में से एक का निर्वहन कर क्षेत्र का मान बढ़ाया। यह उपलब्धि केवल केतकी सिंह के राजनीतिक जीवन की सफलता ही नहीं, बल्कि क्षेत्र की महिलाओं के सम्मान और आत्मविश्वास का भी प्रतीक बन गई।
राजनीतिक दृष्टि से भी यह अवसर बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। महिला शक्ति वंदन अधिनियम पर आयोजित सत्र के दौरान केतकी सिंह का अध्यक्षीय आसन पर बैठना इस बात का संकेत है कि राजनीति में महिलाओं की भूमिका लगातार मजबूत हो रही है और वे अब नीति निर्धारण व संवैधानिक जिम्मेदारियों में भी प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज करा रही हैं। केतकी सिंह ने अपने इस दायित्वपूर्ण नेतृत्व से यह संदेश दिया कि महिलाओं को अवसर मिलने पर वे हर जिम्मेदारी को मजबूती और दक्षता के साथ निभा सकती हैं। उनका यह कदम क्षेत्र की महिलाओं और युवतियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गया है तथा यह विश्वास और मजबूत हुआ है कि महिला नेतृत्व आने वाले समय में राजनीति की दिशा तय करने में बड़ी भूमिका निभाएगा
क्षेत्र की पूनम गुप्ता,रंजना सिंह, सिंपी सिंह,रेखा सिंह, लालती राजभर, आरती सिंह, निर्मला वर्मा,स्वाती सिन्हा, सुमन वर्मा, प्रमिला सिंह आदि ने विधायक केतकी सिंह को बधाई दी है।



