क्राइमबलियाबिग ब्रेकिंग

प्रेमिका से शादी की जिद:बिजली के टावर पर चढ़ा युवक,पुलिस ने संभाला मामला


बांसडीह( बलिया) । क्षेत्र के देवडीह गांव में रविवार सुबह नौ बजे अफरा-तफरी मच गई, गांव का ही एक युवक 33 हजार वोल्ट के बिजली टावर पर चढ़ गया और नीचे उतरने से इनकार करने लगा। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने लगभग डेढ़ घंटे के बाद टावर से नीचे उतारकर कोतवाली लेकर चली गई। देवडीह गांव निवासी मिथुन राजभर अपनी ही गांव की एक नाबालिग लड़की से बात कराने की जिद पर अड़ा था। वह बार-बार चेतावनी दे रहा था कि जब तक उससे बात नहीं कराई जाएगी, वह टावर से नीचे नहीं उतरेगा। इस दौरान मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और पूरे इलाके में हड़कंप की स्थिति बन गई। टावर पर चढ़ने के दौरान बिजली तारों में प्रवाहित हो रही थी।

सूचना पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार सिंह ने लगातार समझाने-बुझाने की कोशिश की, लेकिन युवक अपनी जिद पर अड़ा रहा, जिससे स्थिति तनावपूर्ण बनी रही।
करीब डेढ़ घंटा की मशक्कत के बाद पुलिस टीम ने मोबाइल से युवक से बातचीत कर सूझबूझ दिखाते हुए सुरक्षित नीचे उतरने के लिए राजी कर लिया। युवक के नीचे उतरते ही पुलिस और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। पुलिस युवक को अपने साथ कोतवाली लेकर चली गई।
घटना के बाद क्षेत्र में इस हाई वोल्टेज ड्रामे की चर्चा हो रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button