
रसड़ा (बलिया)।स्थानीय शिक्षा क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय प्रधानपुर से समग्र शिक्षा अभियान के तहत मंगलवार को स्कूल चलो अभियान की रैली निकाली गई। रसड़ा के एसडीएम रवि कुमार व खंड शिक्षा अधिकारी पवन कुमार सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली के माध्यम से शत-प्रतिशत नामांकन को लेकर स्कूल के बच्चे एक भी बच्चा छूटा, संकल्प हमारा टूटा, आधी रोटी खायेंगे, फिर भी स्कूल जायेंगे आदि नारे लगाते गांव में भ्रमण कर लोगों को जागरूक किया।

रैली के बाद विद्यालय परिसर में शिक्षक उन्नयन गोष्ठी व विदाई सम्मान समारोह का आयोजन हुआ। शुभारंभ मुख्य अतिथि एसडीएम व खंड शिक्षा अधिकारी ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्जवलित कर किया। बच्चों ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत किया।संकुल कोटवारी के उत्कृष्ठ शिक्षक बलवंत कुमार, प्रमोद कुमार, प्रिया टंडन, कंचन यादव, रीता सुमन और रिटायर शिक्षामित्र मधुराम को अंगवस्त्रम देकर तथा एसआईआर में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पांच शिक्षकों को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

इसके अलावा कक्षा 5 के पांच टापर्स बच्चों को भी परीक्षाफल और उपहार देकर उनका हौंसला बढ़ाया गया।इस मौके पर प्रधानाध्यापक शिवसागर दास, मुकेश सिंह, संतोष कुमार गुप्ता, जितेंद्र सिंह, विनय कुमार, जितेंद्र यादव, संजीव विश्वकर्मा, आयुष सिंह, कंचन यादव, रीमा चौधरी, मीना यादव, नीलमणि सिंह, धर्मेंद्र यादव, जितेंद्र चक्रवर्ती, संजय राम, शनि सिंह, योगेंद्र भारती आदि रहे। संचालन शिक्षक राजू कुमार शर्मा ने किया।



