
बलिया। स्नातकोत्तर महाविद्यालय बांसडीह,बलिया में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सात दिवसीय विशेष शिविर का समापन मंगलवार, 17 मार्च 2026 को सम्पन्न हुआ। समापन अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. फिरोज खान ने शिविरार्थियों को आशीर्वचन देते हुए कहा कि जीवन में सेवा का अत्यंत महत्व है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय सेवा योजना के माध्यम से विद्यार्थियों में सामाजिक सरोकार और जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है। साथ ही, शिविर के जरिए विद्यार्थियों को समाज की समस्याओं को समझने और उनके समाधान में योगदान देने का अवसर मिलता है।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां भारती की प्रतिमा एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया। शिविरार्थियों में मोहित कुमार और शिवानी ने सात दिवसीय शिविर के अपने अनुभव साझा किए, वहीं शिविर की विस्तृत आख्या श्रीमती कनीज फातिमा द्वारा प्रस्तुत की गई।
कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन कार्यक्रम अधिकारी डॉ. कमलेश रवि ने किया। इस अवसर पर उप प्राचार्य डॉ. शिल्पी श्रीवास्तव, आईक्यूएसी समन्वयक श्री सत्येंद्र कुमार पाण्डेय सहित महाविद्यालय के अनेक शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती कनीज फातिमा ने किया।



