
बलिया। थाना हल्दी क्षेत्र में हत्या के मामले में वांछित एक अभियुक्त को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के बाएं पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना हल्दी पुलिस टीम को यह सफलता मिली।
जानकारी के अनुसार 11 मार्च 2026 की रात लगभग 01:04 बजे थाना हल्दी पुलिस रात्रि गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि हत्या के मामले में वांछित आरोपी मुडाडीह से सोनवानी जाने वाले मार्ग पर हनुमान मंदिर से लगभग 300 मीटर पश्चिम मौजूद है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर आरोपी को पकड़ने का प्रयास करने लगी।
पुलिस के अनुसार खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी मनोज यादव (32 वर्ष) पुत्र शिवधारी यादव निवासी ग्राम बबुआपुर कठही थाना हल्दी जनपद बलिया के बाएं पैर में गोली लग गई।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने 9 मार्च 2026 की रात रौनक यादव उर्फ नकी यादव पुत्र नन्दजी यादव निवासी बबुआपुर कठही थाना हल्दी की हत्या कर फरार हो गया था।
घायल आरोपी को पुलिस टीम द्वारा तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनवानी भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा .315 बोर, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।



