क्राइमबलियाबिग ब्रेकिंग

पूर्व विधायक अवैध बीयर के साथ बिहार में गिरफ्तार

बेतिया में चुनाव प्रचार में गये थे धनंजय कन्नौजिया

बलिया। पश्चिम चंपारण ( बेतिया)जिला प्रशासन ने शुक्रवार की सायं एक बड़ी कार्रवाई की। पूर्व भाजपा विधायक धनंजय कन्नौजिया की कार से 3 बियर कैन बरामद किया हैं। बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू होने के कारण यह मामला राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है। इसमें पूर्व विधायक और उनके ड्राइवर को हिरासत में लिया गया हैं।
जानकारी के अनुसार कार्रवाई बेतिया के मंगलपुर बांध (बरियारपुर चेकपोस्ट) पर हुई। निर्वाचन आयोग के निर्देश पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। मजिस्ट्रेट विकास कुमार की मौजूदगी में एसएसटी (स्टैटिक सर्विलांस टीम), एसएसबी और पुलिस बल जांच में लगे थे। इसी दौरान गोपालगंज की ओर से आ रही एक काले रंग की KIA Seltos (UP60BF7153) कार को रोका गया।
तलाशी के दौरान कार की डिक्की में रखे एक ट्रॉली बैग से Budweiser Lager Beer (500 मिलीलीटर) के तीन कैन (बैच नंबर-7427) बरामद हुए। मौके पर मौजूद पुलिस ने कार में सवार पूर्व विधायक धनंजय कन्नौजिया और उनके ड्राइवर दिलीप सिंह को तुरंत गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में चालक ने अपना नाम दिलीप सिंह पुत्र शिव सहाय सिंह, ग्राम राजपुर, पलिया, बलिया (उत्तर प्रदेश) बताया। साथ में बैठे व्यक्ति ने अपनी पहचान धनंजय कन्नौजिया, पिता संजय प्रसाद कन्नौजिया, ग्राम जमुआ, जिला बलिया (उत्तर प्रदेश) के रूप में दी। इसके बाद पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया। इस पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी की गई। वाहन और बरामद बियर को जब्त कर नौतन थाना पुलिस को सौंप दिया गया है। इस संबंध में नौतन थाना में अपराध संख्या 519/25 दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
धनंजय कन्नौजिया वर्ष 2017 से 2022 तक यूपी के बलिया जनपद की बेल्थरारोड विधानसभा से भाजपा विधायक रह चुके हैं। बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव 2025 के मद्देनजर शराबबंदी के उल्लंघन का यह मामला अब राजनीतिक रूप ले रहा है।
जिला प्रशासन बेतिया ने स्पष्ट किया है कि, चुनाव अवधि के दौरान अवैध शराब, नकद राशि या अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं के परिवहन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सभी एसएसटी और उड़न दस्तों को सतर्क रहकर जांच अभियान जारी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button