11 भैंसें रहस्यमय ढंग से गायब,घायल हालत में लौटी एक भैंस से पशुपालकों में दहशत

दुबहड़,(बलिया)। जनपद के दुबहड़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम जनाड़ी (चकिया के बारी) के निवासी दो स्थानीय पशुपालकों की कुल 11 भैंसें दियारा क्षेत्र से अचानक गायब हो जाने का एक गंभीर मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित पशुपालकों ने इस घटना के संबंध में थानाअध्यक्ष दुबहड़ को लिखित प्रार्थना पत्र सौंपकर उचित कानूनी कार्रवाई करने की गुहार लगाई है।
रामाशंकर पासवान पुत्र स्व. बरमेश्वर पासवान और वीरेन्द्र साहनी पुत्र स्व. शिवबचन साहनी रोज की तरह दिनांक 05 जून 2026 को सुबह करीब 8:00 बजे अपनी भैंसों को एक साथ चराने के लिए जनाड़ी गांव के ठीक सामने स्थित दियारा क्षेत्र में छोड़कर घर वापस आ गए थे। इनमें रामाशंकर की 6 भैंसें और वीरेन्द्र की 5 भैंसें शामिल थीं। पशुपालकों के अनुसार गायब हुई भैंसों में अधिकांश काले रंग की और 3 भुआरा (भूरे) रंग की थीं।
पीड़ितों ने बताया कि जब वे दोपहर में खाना खाकर वापस दियारा क्षेत्र में अपनी भैंसों को देखने पहुंचे, तो वहां एक भी भैंस मौजूद नहीं थी। इसके बाद दोनों पशुपालकों ने अपने स्तर पर आस-पास के क्षेत्रों में काफी खोजबीन की, लेकिन देर शाम तक भैंसों का कोई सुराग नहीं मिल सका।
मामले में नया मोड़ तब आया जब अगले दिन यानी 06 जून 2026 की सुबह करीब 4:00 बजे रामाशंकर पासवान की एक भैंस गंभीर रूप से घायल और बदहवास अवस्था में भागकर वापस लौट आई। भैंस के शरीर पर धारदार वस्तु या चोट के काफी गहरे निशान पाए गए हैं, जिससे पशुपालकों में किसी अज्ञात गिरोह द्वारा पशु चोरी या जानबूझकर हमला किए जाने की आशंका गहरा गई है। शेष 10 भैंसें अभी भी लापता हैं, जिनकी खोजबीन जारी है। पीड़ितों ने पुलिस प्रशासन से इस गंभीर मामले को तत्काल संज्ञान में लेते हुए उचित कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।



