
दुबहड़,(बलिया)। पाण्डेय के छपरा (उग्रसेनपुर) स्थित लखन बाबा के समाधि मठिया के समीप होने वाले नौ दिवसीय भव्य ‘श्री अभिषेकात्मक रुद्र महायज्ञ’ का शुभारंभ सोमवार सुबह बेहद भव्य और आकर्षक कलश सह शोभायात्रा के साथ हुआ। जिसमें पूरा क्षेत्र भक्ति के सागर में सराबोर नजर आया।
कलश एवं शोभायात्रा सर्वप्रथम यज्ञ मंडप स्थल से शुरू होकर पूरे गांव का भ्रमण करते हुए बसरिकपुर,विशुनपुरा,उग्रसेनपुर, सनाथ पांडे के छपरा,भीमपट्टी,दुबहर भरसर होते हुए पवित्र गंगा तट पर पहुंची। वहां काशी से पधारे मुख्य यज्ञाचार्य आचार्य लालजी शास्त्री के सानिध्य में विद्वान ब्राह्मणों द्वारा वैदिक मंत्रोचार पूर्वक यजमान आलोक सिंह,गुप्तेश्वर मिश्रा,मंजू देवी, भरत वर्मा,सत्यदेव मिश्रा, अलगू यादव,ललिता देवी, लीलावती,संजीत यादव,अनीता,गोरख वर्मा,विजय मिश्रा,प्रेमा देवी,ममता देवी,सत्यदेव यादव के हाथों कलश में पवित्र गंगाजल भरा गया। जलभरी के बाद कलश यात्रा पुनः यज्ञ मंडप स्थल पर पहुंचकर संपन्न हुई। शोभायात्रा में सुसज्जित घोड़े, गाजे-बाजे और डीजे की धार्मिक धुनों पर श्रद्धालु नाचते-झूमते नजर आए। यात्रा का मुख्य आकर्षण पीले वस्त्र धारण किए हुए महिला, पुरुष और बच्चे श्रद्धालु रहे। इस दौरान भक्तों ने भगवान भोलेनाथ, बजरंगबली, माता दुर्गा सहित अन्य देवी-देवताओं और लखन बाबा के गगनभेदी जयकारे लगाए, जिससे पूरा वातावरण आध्यात्मिक रंग में रंग गया।
महायज्ञ के मुख्य आयोजक श्री दत्तात्रेय महाराज जी ने बताया कि 2 जून को पंचांग पूजन और मंडप प्रवेश, 3 जून को अरणीमंथन वैदिक मंत्रोचार के बीच संपन्न होगा। वही 9 जून को महायज्ञ की पूर्णाहुति एवं विशाल भंडारे का आयोजन होगा। उन्होंने बताया कि इस श्री अभिषेकात्मक रूद्र महायज्ञ’ का आयोजन क्षेत्र के जनकल्याण, सुख और समृद्धि के लिए किया जा रहा है। उन्होंने अपील की कि लोग इसमें तन, मन और धन से सहयोग कर पुण्य के भागी बनें।
महायज्ञ के दौरान प्रत्येक दिन शायं 3:00 के बाद से आध्यात्मिक प्रवचन का आयोजन होगा। इसमें अयोध्या धाम से पधारे मुख्य प्रवचनकर्ता शक्ति पुत्र जी महाराज और सुप्रसिद्ध कथावाचिका आरती पाठक द्वारा भजनों व कथा की अमृत वर्षा की जाएगी। कथा सुनने के लिए पहले दिन से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटने लगी है। इस भव्य और ऐतिहासिक आयोजन को सफल बनाने में यज्ञ समिति के सभी सदस्यों सहित समस्त ग्रामवासी एवं क्षेत्रवासी पूरी मुस्तैदी और सेवा भाव से जुटे हुए हैं।इस अवसर पर पूर्व ग्राम प्रधान दीनदयाल मिश्रा,सुनील यादव,हरेंद्र सिंह,मिंटू मिश्रा,रामबहादुर दुबे,सुशील वर्मा,ओमप्रकाश वर्मा आदि लोग श्रद्धालुओं की सेवा में लग रहे।



