कार्यक्रमधरना प्रदर्शनबलिया

जनसमस्याओं को लेकर सपा कार्यकर्ताओं का तहसील पर प्रदर्शन



नौ सूत्रीय मांगपत्र सौंपकर समस्याओं के समाधान की उठाई मांग

बांसडीह (बलिया)। क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान की मांग को लेकर समाजवादी पार्टी बांसडीह विधानसभा के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को तहसील परिसर में प्रदर्शन किया। विधानसभा अध्यक्ष उदय बहादुर सिंह के नेतृत्व में पहुंचे सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने एसडीएम बांसडीह अभिषेक प्रियदर्शी को नौ सूत्रीय ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि बांसडीह विधानसभा क्षेत्र के लोग बाढ़, बिजली, सड़क, सिंचाई, स्वास्थ्य और प्रशासनिक उपेक्षा जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रहे हैं, लेकिन सरकार और प्रशासन इन मुद्दों के प्रति अपेक्षित संवेदनशीलता नहीं दिखा रहा है।
उन्होंने कहा कि सरयू नदी के किनारे बसे नवकागांव, खादीपुर, सुल्तानपुर, भोजपुरवा (टिकुलिया), रेंगहा, पुरानी बस्ती चांदपुर तथा महाराजपुर सहित कई गांव हर वर्ष कटान की त्रासदी झेलते हैं। कटान पीड़ित परिवारों को भूमि उपलब्ध कराने एवं आवास निर्माण में सहायता देने की मांग की गई।
सपा नेताओं ने गोड़ एवं खरवार बिरादरी के लोगों को अनुसूचित जनजाति प्रमाण पत्र जारी करने, राजनीतिक कार्यकर्ताओं के खिलाफ दर्ज किए जा रहे कथित गलत मुकदमों को बंद करने तथा विद्युत विभाग पर उपभोक्ताओं के शोषण का आरोप लगाते हुए जले हुए ट्रांसफार्मरों को तत्काल बदलने की मांग उठाई।
इसके अलावा बिजली कटौती समाप्त करने, पोस्टपेड मीटर हटाने, नहरों में पानी छोड़े जाने, सरकारी नलकूपों की मरम्मत कराने तथा किसानों के लिए खाद, बीज, उर्वरक एवं कीटनाशक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित कराने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही।
इस दौरान पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्याम बहादुर सिंह, यशपाल सिंह, सुशील कुमार पांडेय, सुशांत राज पाठक, आशीष कुमार सिंह, संकल्प सिंह, सुजीत सिंह परिहार, मुनीब यादव, अखिलेश सिंह, बिहारी पांडेय, हैप्पी पांडेय, अमित सिंह, उमेश मिश्र, रोहित सिंह, सुभाष ओझा, विनय गोंड, चंद्रशेखर यादव, राजेश सिंह ‘राजू’, धर्मेंद्र मणिक, राकेश यादव, कन्हैया यादव, शिवनारायण राय, रमाशंकर यादव, जेपी यादव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button