
बलिया। ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट द्वारा प्रस्तावित राष्ट्रव्यापी बंदी के समर्थन में बलिया केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन (बीसीडीए) के नेतृत्व में जनपद बलिया सदर सहित सभी छह तहसीलों, कस्बों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में दवा दुकानों का व्यापक बंद सफल रहा।
एसोसिएशन पदाधिकारियों ने बताया कि दवा व्यवसायियों के सहयोग से जिले के कोने-कोने में बंदी का असर देखने को मिला। इस दौरान व्यापारहित एवं जनसुरक्षा विरोधी सरकारी नीतियों को आमजन और सरकार तक स्पष्ट रूप से पहुंचाने का प्रयास किया गया।
बीसीडीए अध्यक्ष आनंद सिंह ने ऐतिहासिक एवं अभूतपूर्व बंदी की सफलता पर सभी तहसील एवं क्षेत्रीय पदाधिकारियों, जनपद के दवा व्यवसायियों, नीमा, बीएनएचए, यूपीएमएसआरए, मीडिया तथा फार्मासिस्ट संगठनों के पदाधिकारियों और सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।
महामंत्री बब्बन यादव ने कहा कि 20 मई की सफल राष्ट्रव्यापी दवा बंदी बीसीडीए की चट्टानी एकजुटता का परिणाम है और यह सफलता नया इतिहास रचने जा रही है।
बंदी के बाद दवा मंडी में आनंद सिंह ने विभिन्न प्रतिष्ठानों पर पहुंचकर व्यापारियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर मनोज श्रीवास्तव, अनिल त्रिपाठी, लाल बहादुर वर्मा, राज कुमार सिंह, वरुण तिवारी, अमित सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।



