ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में राष्ट्रव्यापी हड़ताल,बंद रहीं मेडिकल दुकानें

बलिया। ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स (एआइओसीडी) के आह्वान पर अवैध एवं अनियंत्रित ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में बुधवार को आयोजित एक दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल का जिले में व्यापक असर देखने को मिला। बलिया केमिस्ट एण्ड ड्रगिस्ट एसोसिएशन (बीसीडीए) के नेतृत्व में शहर सहित सभी तहसीलों एवं ग्रामीण क्षेत्रों के केमिस्ट और ड्रगिस्ट्स ने अपने प्रतिष्ठान पूर्णतः बंद रखकर आंदोलन को समर्थन दिया।

हड़ताल को बीएनएचए बलिया नर्सिंग होम एसोसिएशन, नीमा, एफएमआरआइ तथा यूपी एमएसआरए का भी समर्थन प्राप्त हुआ। हालांकि, मानवीय दायित्व निभाते हुए जरूरतमंद मरीजों को आवश्यक एवं आपातकालीन दवाएं उपलब्ध कराई गईं।
हड़ताली दवा व्यवसायियों ने बीसीडीए के नेतृत्व में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारी को सौंपा। ज्ञापन में दवाओं की अवैध एवं अनियमित ऑनलाइन बिक्री, बिना वैध चिकित्सकीय पर्चे के दवाओं की होम डिलीवरी तथा ऑनलाइन दवा प्लेटफॉर्म्स द्वारा अत्यधिक छूट की नीति पर रोक लगाने की मांग की गई। व्यापारियों का कहना है कि इससे छोटे एवं लाइसेंसधारी केमिस्ट्स गंभीर रूप से प्रभावित हो रहे हैं।
ज्ञापन में जीएसआर 817 (ई) एवं जीएसआर 220 (ई) को तत्काल प्रभाव से वापस लेने की भी मांग की गई। दवा व्यापारियों ने आरोप लगाया कि इन प्रावधानों का दुरुपयोग विभिन्न ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स एवं क्विक कॉमर्स कंपनियों द्वारा अनियंत्रित दवा वितरण के लिए किया जा रहा है।
केमिस्ट एवं ड्रगिस्ट्स ने कहा कि दवाएं सामान्य उपभोक्ता वस्तु नहीं हैं और उचित सत्यापन के बिना उनकी ऑनलाइन बिक्री जन स्वास्थ्य एवं मरीजों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है। उन्होंने केंद्र सरकार से मरीजों की सुरक्षा तथा लाखों छोटे लाइसेंसधारी केमिस्ट्स और कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।
बीसीडीए अध्यक्ष आनन्द सिंह ने आंदोलन को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी संगठनों एवं दवा व्यापारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। तपती धूप में धरना-प्रदर्शन एवं जुलूस में बड़ी संख्या में दवा व्यापारी शामिल हुए।
इस अवसर पर मनोज श्रीवास्तव, अनिल तिवारी, वीरु, हीरु, प्रखर गोयल, राजेश, राज कुमार, संजय दुबे, सतीश प्रसाद, जयशंकर, संतोष चौरसिया, आनन्द राय, राजेन्द्र राय, विजय भट्ट, नफीस खान, जयवर्धन सिंह, छत्रपती पाण्डेय, फैयाज अहमद, संजय, हरेराम, राज किशोर, भानुप्रताप सिंह, लाल बहादुर वर्मा, हरेन्द्र वर्मा, आकाश, ईशान उपाध्याय सहित सैकड़ों दवा व्यापारी मौजूद रहे। अध्यक्षता आनन्द सिंह एवं संचालन बब्बन यादव ने किया।



