
मनियर (बलिया) । मनियर–बलिया मार्ग पर स्थित गंगापुर गांव में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक पुराने ईंट भट्ठे के पास तालाब की खुदाई के दौरान संदिग्ध मोर्टार (बम) बरामद हुआ। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर करीब 3 बजे तालाब का पानी निकालकर निर्माण कार्य की तैयारी की जा रही थी। इसी दौरान कुछ बच्चे मछली पकड़ने के लिए तालाब में उतर गए। वहां उन्हें एक पुराना मोर्टार मिला। अनजान बच्चे इसे कबाड़ समझकर बेचने की नीयत से ग्राइंडर से काटने की कोशिश करने लगे, लेकिन पास में मौजूद बड़े लड़कों ने समय रहते उन्हें रोक लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
मिले मोर्टार पर ‘ODR 11.06’, ‘204A’ (सर्कल में) और ‘51 MM M ILLG’ जैसे चिन्ह अंकित हैं। खास बात यह है कि उस पर चांद-सितारे का निशान भी बना हुआ है, जिसे पाकिस्तानी सेना से जोड़कर देखा जा रहा है। इस कारण ग्रामीणों में भय और आशंका का माहौल गहरा गया है।
घटना की सूचना मिलते ही मनियर थाना प्रभारी अजय कुमार त्रिपाठी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने तत्काल उच्चाधिकारियों को सूचना दी। थाना प्रभारी के अनुसार, फोरेंसिक टीम को जांच के लिए बुलाया गया है और जल्द ही इसकी जांच शुरू होगी।
फिलहाल मोर्टार को सुरक्षित रखा गया है और इलाके में सतर्कता बढ़ा दी गई है। यह मोर्टार तालाब में कैसे पहुंचा, क्या यह किसी पुराने युद्ध का अवशेष है या इसके पीछे कोई साजिश है—इन सभी सवालों को लेकर जांच जारी है।



