
लालगंज (बलिया)। विकास खण्ड मुरलीछपरा के ग्राम पंचायत शिवपुर कपूर दियर में मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत पात्र लाभार्थियों से अवैध वसूली का गंभीर मामला सामने आया है। दिव्यांग लाभार्थी चन्द्रावती देबी पत्नि राधाकृष्ण मौर्या एवं कलावती देवी पत्नी स्वर्गीय हीरानंद शर्मा ने ग्राम प्रधान बृजेश बिंद पर आवास दिलाने के नाम पर घूस मांगने का सनसनीखेज आरोप लगाया है।
पीड़िताओं के अनुसार कागजात के नाम पर पहले एक हजार रुपये की मांग की गई। इसके बाद आवास की प्रथम किस्त का 40 हजार रुपये मिलने पर ग्राम प्रधान द्वारा 20 हजार रुपये की मांग की गई। आरोप है कि प्रधान ने कहा कि यह रकम बीडीओ और सचिव को देनी है।चन्द्रावती देबी एवं कलावती देबी का बीडीओ भी वायरल हुआ है जिसमे उसने प्रधान पर रिश्वत का आरोप लगाया है उसने कहा की विरोध करने पर अगली किस्त रोकने की धमकी दी गई, जिससे भयभीत होकर 10 हजार रुपये दे दिए। शेष 10 हजार रुपये अगली किस्त में देने का दबाव बनाया जा रहा है।
चन्द्रावती देवी ने बताया कि वह दोनों आंखों से दिव्यांग हैं और शासन द्वारा पात्र मानते हुए उन्हें मुख्यमंत्री आवास योजना का लाभ दिया गया है, इसके बावजूद उनसे घूस ली जा रही है।
मामले में खण्ड विकास अधिकारी मुरलीछपरा शकील अख्तर अंसारी ने बताया कि प्रकरण संज्ञान में है। सचिव को निर्देश दिए गए हैं कि पीड़िता से ली गई राशि वापस कराई जाए और पूरे मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि दोषी पाए जाने पर मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।



