
बांसडीह(बलिया)। क्षेत्र के नारायनपुर गांव स्थित मझोषखुर्द शिव मंदिर के पास शनिवार सुबह एक अज्ञात युवक का क्षत-विक्षत शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

घटना की जानकारी होते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह करीब आठ बजे मंदिर के पास स्थित गड्ढे के पूर्वी हिस्से में खेत के किनारे ग्रामीणों ने शव पड़ा देखा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे कोतवाल राकेश कुमार सिंह ने शव की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन युवक का चेहरा बुरी तरह जला और क्षतिग्रस्त होने के कारण शिनाख्त नहीं हो सकी।
बताया जा रहा है कि शव एक-दो दिन पुराना प्रतीत हो रहा था, क्योंकि उससे दुर्गंध आ रही थी। शव के चेहरे का कुछ हिस्सा तथा दाहिने हाथ की एक उंगली जानवरों द्वारा नोच ली गई थी। युवक की उम्र करीब 30 वर्ष आंकी जा रही है। उसके दाहिने हाथ पर ‘ॐ’ का निशान बना हुआ है। युवक ने काले रंग का हाफ पैंट और नीले रंग की टी-शर्ट पहन रखी थी।
पुलिस आसपास के थानों से संपर्क कर युवक की पहचान कराने का प्रयास कर रही है। वहीं शव मिलने की घटना से क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं बनी हुई हैं।



