
बलिया। संवाददाता बांसडीह रोड क्षेत्र के फुलवरिया गांव में स्थित बालखंडी नाथ मंदिर के पास हो रहे श्री शिव महापुराण कथा का मंगलवार को वैदिक पूजा के साथ शुभारंभ हुआ। कथा सुनने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी थी। अंतरराष्ट्रीय कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्र ने प्रथम दिन राजा बलि के चरित्र, बाबा बालेश्वर नाथ के महात्म्य और बलिया के बागीपन के साथ बलिया की बिंदी का बखान किया।
महर्षि भूमि की तपोस्थली को नमन करने के साथ ही अमर क्रांतिकारियों को भी याद किया।

प्रदीप मिश्र ने कहा कि यह सिर्फ कथा नहीं है, अपने महादेव से मन की बात कहने का माध्यम भी है। कहा कि राजा बलि की भूमि है बलिया। इसी भूमि पर बाबा बालेश्वर महादेव का स्थान है। महर्षि भृगु की यह तपोभूमि है। वामन अवतार की कथा का जिक्र करते हुए बताया कि किस प्रकार भगवान विष्णु राजा बलि के दरवाजे पर पहुंचे और तीन पग में सबकुछ माप दिया। गुरु शुक्राचार्य के कहने पर राजा बलि ने बालू का शिवलिंग बनाकर पूजा की और अपनी सत्ता प्राप्त की थी। वही शिवलिंग बाबा बालेश्वर नाथ के रूप में यहां विराजमान है। कहा कि बलिया का सौभाग्य है कि यहां महादेव के साथ मां गंगा भी हैं। कहा कि शिव हृदय में विराजे तो ही जीवन की सार्थकता है। बलिया की ऐतिहासिक परम्परा और तेवर का जिक्र करते हुए पंडित मिश्र ने कहा कि बलिया की बिंदी और भारत देश की हिंदी पूरे विश्व में प्रसिद्ध है।

यहां के क्रान्तिकारियों को नमन करते हुए बताया कि किस प्रकार उन्होंने अंग्रेजों को दौड़ाकर पीटा और खुद को आजाद घोषित कर दिया। कहा कि कुछ तो बात है बलिया की मिट्टी में, जो शिव महापुराण की कथा को भी यहां खींच लाई। पंडित मिश्र ने कहा कि माता, पिता और गुरु की दृष्टि एक होनी चाहिए। जहां भेद होगा वहां सब नष्ट हो जाएगा। जिसकी जिंदगी में समता का भाव होता है, वही अपने जीवन में श्रेष्ठता प्राप्त कर सकता है। यही शिव तत्व है। ‘लूटा दिया भंडार काशी वाले ने, कर दिया मालामाल काशी वाले ने…’, ‘भोले बाबा तेरी नौकरी सबसे अच्छी है सबसे खरी…’, आदि गीतों पर श्रद्धालु शिव भक्ति में मगन होकर झूमे। परिवहन मंत्री ने किया स्वागत इनसेट बलिया। शिव महापुराण की कथा प्रारम्भ होने से पहले कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्र ने पूजन किया। मंच पर पहुंचे तो भीड़ ने खड़े होकर अभिवादन किया। परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने बेहद कम समय के आमंत्रण पर बलिया में आने की सहमति देने के लिए पंडित मिश्र के प्रति आभार जताया। कहा कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसका पूरा प्रयास किया गया है। तैयारियों में कमी कुछ कमी रह गई होगी तो उसे भी पूरा कर लिया जाएगा। राज्य सभा सदस्य नीरज शेखर और भाजपा जिलाध्यक्ष संजय मिश्र ने भी पंडित मिश्र का स्वागत किया।



