
बांसडीह (बलिया)। नगर पंचायत बांसडीह को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने की दिशा में सोमवार की शाम बड़ी बाजार में स्वच्छता अभियान फेज-1 का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन नगर पंचायत चेयरमैन सुनील कुमार सिंह बब्लू एवं व्यापार मंडल अध्यक्ष विजय गुल्लर ने संयुक्त रूप से किया।
नगर पंचायत प्रशासन एवं श्रीनमस्ते वेस्ट पीकर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित अभियान के तहत व्यापारियों को 40 लीटर क्षमता वाले कूड़ेदान वितरित किए गए। इस अवसर पर स्वच्छता अभियान को सफल बनाने के लिए नगर पंचायत प्रशासन, व्यापार मंडल पदाधिकारियों एवं व्यापारियों की बैठक भी आयोजित हुई।

बैठक को संबोधित करते हुए चेयरमैन सुनील कुमार सिंह बब्लू ने कहा कि बांसडीह नगर क्षेत्र को स्वच्छ और कूड़ा मुक्त बनाने के उद्देश्य से विशेष कार्ययोजना लागू की जा रही है। प्रथम चरण में बड़ी बाजार से कचहरी तक के क्षेत्र को पूरी तरह कूड़ा मुक्त बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
उन्होंने बताया कि पहले चरण में लगभग 400 दुकानदारों तथा 250 ठेला-खुमचा संचालकों को कूड़ेदान वितरित किए जाएंगे। दुकानदार अपने प्रतिष्ठानों से निकलने वाले कचरे को निर्धारित डस्टबिन में एकत्र करेंगे, जिसके बाद नगर पंचायत की टीम नियमित रूप से कूड़े का उठान करेगी। शुरुआत में प्रतिदिन एक बार कूड़ा संग्रहण किया जाएगा, जिसे आवश्यकता पड़ने पर बढ़ाकर दो बार किया जाएगा।
चेयरमैन ने बताया कि नगर पंचायत में एमआरएफ (मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी) सेंटर की शुरुआत हो चुकी है, जहां एकत्रित कचरे का वैज्ञानिक तरीके से पृथक्करण किया जाएगा। गीले कचरे से कंपोस्ट खाद तैयार होगी, जबकि प्लास्टिक एवं अन्य पुनर्चक्रण योग्य सामग्री से उपयोगी उत्पाद बनाए जाएंगे। इससे स्वच्छता व्यवस्था मजबूत होने के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।
व्यापार मंडल अध्यक्ष विजय गुल्लर ने व्यापारियों की ओर से अभियान को पूर्ण समर्थन देने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि सभी व्यापारी सड़क पर कूड़ा नहीं फेंकेंगे और बाजार क्षेत्र को स्वच्छ बनाए रखने में सक्रिय सहयोग करेंगे।
इस दौरान विकास पाण्डेय, गोपाल जी गुप्ता, अवधेश गुप्ता, मदन सोनी, संजय गुप्ता, पूर्व ब्लॉक प्रमुख सुशील सिंह, अंजनी गुप्ता, अरुण कुमार सिंह, संतोष तिवारी, मनोज गुप्ता, राजकुमार गुप्ता, मनीर अहमद, कादिर शाह, काली मिश्र, सुमन प्रसाद सहित अनेक लोग मौजूद रहे।



