प्रसव के दौरान महिला की मौत, परिजनों का हंगामा : लापरवाही व अवैध वसूली का आरोप

बलिया । बांसडीह स्थित पीएचसी में रविवार देर रात प्रसव के दौरान 30 वर्षीय महिला की मौत हो गई। घटना के बाद सोमवार सुबह परिजनों और ग्रामीणों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया। परिजनों ने इलाज में लापरवाही और अवैध वसूली का आरोप लगाते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
जानकारी के अनुसार, गोड़धप्पा गांव निवासी राकेश पटेल की पत्नी रूबी देवी को रविवार दोपहर करीब दो बजे प्रसव के लिए पीएचसी बांसडीह लाया गया था। रात लगभग आठ बजे ड्यूटी पर तैनात एएनएम ने उनका प्रसव कराया, जिसमें पुत्र का जन्म हुआ। आरोप है कि प्रसव के बाद रूबी देवी को अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा, जो पूरी रात जारी रहा।
परिजनों का कहना है कि हालत गंभीर होने के बावजूद न तो समय पर उचित इलाज किया गया और न ही उन्हें रेफर किया गया। सोमवार सुबह उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन आक्रोशित हो उठे और अस्पताल परिसर में विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। मौके पर एसडीएम अभिषेक प्रियदर्शी, सीओ जयशंकर मिश्र सहित कई थानों की पुलिस पहुंची और परिजनों को समझाकर शांत कराया।
परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि डिलीवरी के नाम पर एएनएम ने 11 हजार रुपये की मांग की थी, जिसमें से 5 हजार रुपये वसूल भी लिए गए। परिजन मुआवजा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।
पुलिस ने मृतका के जेठ अजय पटेल की तहरीर पर मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसडीएम ने चिकित्सा अधीक्षक को दो दिन के भीतर जांच रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया लापरवाही सामने आई है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मृतका रूबी देवी अपने पीछे तीन साल की रागिनी, डेढ़ साल की रूही और नवजात बेटे को छोड़ गई हैं। उनकी शादी 24 मई 2022 को हुई थी। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है ।



