
बलिया,संवाददाता। पूर्व प्रधानमंत्री स्व चंद्रशेखर की पत्रकारिता, वैचारिक प्रतिबद्धता और सामाजिक मूल्यों पर केंद्रित विचार गोष्ठी का आयोजन 28 मई को सुबह 11 बजे शहर के बापू भवन टाउन हॉल में किया जाएगा। गोष्ठी का विषय “चंद्रशेखर की पत्रकारिता दृष्टि” रखा गया है।
चंद्रशेखर जन्मशताब्दी समारोह आयोजन समिति, बलिया के अनुसार यह कार्यक्रम ऐतिहासिक और समसामयिक दोनों दृष्टियों से महत्वपूर्ण होगा। गोष्ठी में नैतिक मूल्यों में आ रही गिरावट, उसके कारणों और समाधान पर भी गंभीर चर्चा की जाएगी।
समिति ने बताया कि चंद्रशेखर ने ‘यंग इंडियन’ पत्रिका के संपादक के रूप में देश-दुनिया के मुद्दों पर अपने निर्भीक और स्पष्ट संपादकीय लेखों से अलग पहचान बनाई थी। कार्यक्रम में उन्हें एक सशक्त पत्रकार, चिंतक और लेखक के रूप में याद किया जाएगा।

गोष्ठी में नई दिल्ली से आ रहे वरिष्ठ पत्रकार अरविन्द मोहन मिश्रा, लखनऊ के वरिष्ठ पत्रकार सुरेश बहादुर सिंह, महात्मा गांधी अन्तर्राष्ट्रीय हिन्दी विश्वविद्यालय वर्धा से प्रो. कृपाशंकर चौबे, बीएचयू से डॉ. ज्ञान प्रकाश मिश्रा तथा वरिष्ठ पत्रकार धीरेन्द्र नाथ श्रीवास्तव अपने विचार रखेंगे। वक्ता समकालीन सार्वजनिक जीवन में चंद्रशेखर की प्रासंगिकता और उनके विचारों की आवश्यकता पर प्रकाश डालेंगे।
आयोजन समिति का कहना है कि चंद्रशेखर के विचार, संघर्ष और उनके द्वारा स्थापित सामाजिक मूल्यों से युवा पीढ़ी को नई प्रेरणा मिलेगी तथा सार्वजनिक जीवन में सकारात्मक दिशा प्राप्त होगी।



