कार्यक्रमधरना प्रदर्शनबलिया

20मई को राष्ट्रव्यापी बंद का ऐलान, दवा मंडी में बांटे गए बंदी के पोस्टर

बलिया। बलिया केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन (BCD) के पदाधिकारियों ने शनिवार को दवा मंडी क्षेत्र में राष्ट्रव्यापी बंदी के समर्थन में पोस्टर वितरण अभियान चलाया। इस दौरान सभी क्षेत्रीय पदाधिकारियों से 20 मई को प्रस्तावित बंद को सफल बनाने के लिए पूर्ण समर्पण के साथ जुटने की अपील की गई।
ऑल इंडिया ऑर्गनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स (AIOCD) द्वारा 20 मई 2026, बुधवार को एक दिवसीय राष्ट्रव्यापी बंद का आह्वान किया गया है। संगठन का कहना है कि देशभर के 12.40 लाख से अधिक केमिस्ट एवं दवा वितरक अवैध ई-फार्मेसी, कॉरपोरेट कंपनियों की ‘डीप डिस्काउंट’ नीति और दवा व्यापार से जुड़े नियमों में शिथिलता के विरोध में सड़क पर उतरेंगे।

संगठन के अनुसार ऑनलाइन फार्मेसी प्लेटफॉर्म बिना पर्याप्त भौतिक सत्यापन के दवाओं की बिक्री कर रहे हैं, जिससे एक ही प्रिस्क्रिप्शन का कई बार उपयोग हो रहा है। एआई आधारित फर्जी प्रिस्क्रिप्शन के जरिए एंटीबायोटिक्स एवं नशीली दवाओं की अनियंत्रित बिक्री जनस्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बनती जा रही है। इससे एंटी-माइक्रोबियल रेसिस्टेंस (AMR) जैसी समस्याएं बढ़ने की आशंका जताई गई है।
इसके अलावा बड़े कॉरपोरेट संस्थानों द्वारा भारी छूट देकर बाजार संतुलन बिगाड़ने का आरोप लगाते हुए संगठन ने कहा कि इससे छोटे और ग्रामीण क्षेत्रों के दवा विक्रेताओं का अस्तित्व खतरे में पड़ गया है।
AIOCD ने केंद्र सरकार से कोविड काल में जारी अस्थायी अधिसूचना G.S.R. 220(E) को तत्काल निरस्त करने, ई-फार्मेसी संबंधी अधिसूचना G.S.R. 817(E) वापस लेने तथा कॉरपोरेट कंपनियों की अनुचित छूट नीति पर रोक लगाने के लिए समान अवसर नीति लागू करने की मांग की है।
बीसीडी अध्यक्ष आनन्द सिंह और महासचिव बब्बन यादव ने संयुक्त रूप से कहा कि यह केवल व्यापार नहीं बल्कि मरीजों की सुरक्षा का भी मुद्दा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 20 मई तक सरकार ने ठोस निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को अनिश्चितकालीन रूप दिया जाएगा।
इस अवसर पर मनोज श्रीवास्तव, अनिल त्रिपाठी, संजय दुबे, राजकुमार सिंह, राजेश, आशीष अग्रवाल, प्रखर गोयल, विशाल, अजीत, टूनटून गुप्ता, राज किशोर कुँवर, जय शंकर, लाल बहादुर वर्मा, भोला अग्रवाल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता आनन्द सिंह तथा संचालन बब्बन यादव ने किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button