एक्सीडेंटबलियाबिग ब्रेकिंग

दूल्हे के भाई की मौत,ट्रॉमा सेंटर से दुल्हे को लाकर गाड़ी में कराई गई शादी


बांसडीह(बलिया)। खुशियों और शहनाइयों से गूंजने वाला घर शुक्रवार की शाम अचानक मातम में बदल गया। पकड़ी क्षेत्र के एकभीटिया गांव की चट्टी के पास स्कूल बस की टक्कर में दूल्हा और उसका छोटा भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान छोटे भाई की मौत हो गई, जबकि दूल्हा जिंदगी और मौत से जूझ रहा है। विषम परिस्थितियों के बावजूद दोनों परिवारों ने अस्पताल से दूल्हे को लाकर गाड़ी में ही शादी की रस्म पूरी कराई।
जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के बनकटा गांव निवासी 22 वर्षीय अंकित पांडेय की बारात शुक्रवार को बांसडीह कस्बा के मझवा वार्ड नंबर-9 निवासी तेग बहादुर तिवारी की पुत्री प्रमिला के यहां जानी थी। घर में परछावन और बारात की तैयारियां चल रही थीं। इसी बीच अंकित अपने 18 वर्षीय छोटे भाई सर्वजीत पांडेय के साथ बाइक से दाढ़ी बनवाने एकभीटिया चट्टी पर गया था।
बताया जा रहा है कि वापस लौटते समय गांव के पास सामने से आ रही एक स्कूल बस ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया। देर रात वाराणसी में इलाज के दौरान सर्वजीत पांडेय की मौत हो गई, जबकि दूल्हा अंकित पांडेय को बलिया ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया।

घटना और मौत की खबर मिलते ही दुल्हन पक्ष में भी मातम छा गया। इसके बाद लड़की पक्ष के परिजन जिला अस्पताल पहुंचे और लड़के के परिजनों व डॉक्टरों से बातचीत की। परिजनों के आग्रह और डॉक्टरों की अनुमति के बाद दूल्हा अंकित को कुछ समय के लिए अस्पताल से बांसडीह लाया गया।
दुल्हन पक्ष के लोगों के साथ राकेश मिश्रा, पवन तिवारी, सुरेंद्र तिवारी और मिथिलेश तिवारी अंकित को अर्टिगा गाड़ी से लेकर मझवा पहुंचे। वहां बेहद गमगीन माहौल में गाड़ी के भीतर ही सिंदूरदान और शादी की रस्म पूरी कराई गई। इस दौरान मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। रस्म पूरी होने के बाद दूल्हे को दोबारा इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।
यह दर्दनाक घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी रही। शादी की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button