
लालगंज(बलिया) । दोकटी पुलिस ने गुम हुए मोबाइल फोन की बरामदगी में सराहनीय सफलता प्राप्त करते हुए छह मोबाइल फोन बरामद कर उनके स्वामियों को सौंप दिए। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने पुलिस टीम की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए आभार व्यक्त किया।
पुलिस अधीक्षक बलिया ओमवीर सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक कृपाशंकर के पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी बैरिया के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

जानकारी के अनुसार, विभिन्न लोगों के मोबाइल फोन बाजार जाते समय अथवा अन्य कार्यों के दौरान अलग-अलग स्थानों पर गुम हो गए थे। इस संबंध में संबंधित व्यक्तियों द्वारा थाना दोकटी में गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने इन मोबाइलों को सीईआईआर पोर्टल पर पंजीकृत कर उनकी तलाश शुरू की।
इसी क्रम में पुलिस टीम ने तकनीकी सहायता से सभी छह मोबाइल फोन बरामद कर लिए और नियमानुसार उनके स्वामियों को सुपुर्द कर दिया।
बरामद मोबाइलों में रियलमी, मोटोरोला, ओप्पो, इनफिनिक्स, वीवो व टेक्नो कंपनियों के फोन शामिल हैं, जिनकी कुल अनुमानित कीमत हजारों रुपये बताई जा रही है।
इस सराहनीय कार्य में थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार चौधरी, उपनिरीक्षक राम अवध यादव एवं कांस्टेबल (सीसीटीएनएस) धीरेन्द्र कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



