
लालगंज (बलिया) क्षेत्र के बहुआरा गांव के सामने लालगंज -बैरिया मार्ग पर गुरुवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 60 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गई। बहुआरा निवासी शिवशंकर सिंह को तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद आसपास के लोगों और परिजनों ने उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनबरसा पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए जिला चिकित्सालय बलिया रेफर कर दिया गया। वहां से डॉक्टरों ने उन्हें ट्रामा सेंटर वाराणसी भेज दिया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि शिवशंकर सिंह रोज की तरह गुरुवार शाम अपने घर से आरओ का पानी लेने चिरंजी छपरा साईकिल से जा रहे थे। इसी दौरान लालगंज-बैरिया मार्ग पर चढ़ते समय बैरिया की ओर से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना परिजनों ने पुलिस को दे दी है। थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार चौधरी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।



