
बलिया। बलिया–सिकंदरपुर मार्ग पर पानामा टाकिज के पास एक चलती ट्रैक्टर में अचानक आग लग गई, जिससे ट्रैक्टर में लदा पुआल देखते ही देखते धू-धूकर जल गया। घटना बहादुरपुर स्थित पनामा टाकिज के पास की बताई जा रही है, जहां मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और सड़क पर लंबा जाम लग गया।
आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची तथा काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक ट्रैक्टर में रखा पुआल पूरी तरह जलकर राख हो चुका था।
आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, लेकिन प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रैक्टर के ऊपर से गुजर रहे बिजली के नंगे तारों के संपर्क में आने से आग लगने की आशंका जताई जा रही है।
फिलहाल पुलिस और दमकल विभाग मामले की जांच में जुटा है। घटना के चलते सड़क पर आवागमन घंटों बाधित रहा, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।



