
बासडीह(बलिया)। पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बांसडीह कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने मुठभेड़ के दौरान एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार किया है।
मुठभेड़ के दौरान बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे पकड़ लिया गया। मौके से एक नाजायज तमंचा .315 बोर, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस तथा एक चोरी की मोटरसाइकिल (हीरो एक्स प्लस) बरामद की गई।
घटना 10 नवम्बर 2025 की रात लगभग 10:50 बजे की है, जब प्रभारी निरीक्षक बांसडीह कोतवाली श्री प्रवीण सिंह अपनी टीम के साथ भेड़िया पुल के पास रात्रि गश्त/चेकिंग पर थे। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति मोटरसाइकिल से आते हुए दिखाई दिया। पुलिस द्वारा रोकने का इशारा करने पर वह बिना रुके भागने का प्रयास करने लगा, जिससे बाइक फिसलकर गिर गई। खुद को घिरता देख बदमाश ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी।
पूछताछ में बदमाश की पहचान राहुल राजभर पुत्र स्वर्गीय चंद्रमा राजभर निवासी कुर्थिया थाना सुखपुरा जनपद बलिया (उम्र लगभग 25 वर्ष) के रूप में हुई। आरोपी के खिलाफ चोरी और वाहन चोरी के कई मामले बलिया, गाजीपुर और बिहार में दर्ज हैं।
पकड़ी गई मोटरसाइकिल भी चोरी की निकली, जिस पर क्रेटा कार का नंबर लिखा हुआ था। घायल बदमाश राहुल राजभर का इलाज सदर अस्पताल बलिया में चल रहा है।
पुलिस ने बदमाश के कब्जे से एक चोरी की मोटरसाइकिल, एक नाजायज तमंचा .315 बोर, एक जिंदा कारतूस तथा एक खोखा कारतूस बरामद किया है। इस संबंध में थाना बांसडीह कोतवाली में विधिक कार्यवाही की जा रही है।



