
लालगंज (बलिया) । माता-पिता द्वारा दिए गए संस्कारों के कारण ही उनके स्वर्गवासी होने के बाद संतान समाज में उनके नाम से रचनात्मक कार्य करती है। ऐसे पुत्र वास्तव में सौभाग्यशाली होते हैं, जो अपने माता-पिता को याद कर समाजहित में कार्य करते हैं।
उक्त विचार भाजपा के वरिष्ठ नेता मुक्तेश्वर सिंह ने रामनगर स्थित अखंड भारत निर्माण मिशन में आयोजित माता कौलवासो देवी एवं स्वर्गीय मोसदी उपाध्याय की श्रद्धांजलि सभा को सम्बोधित करते हुए व्यक्त किये ।
उन्होंने कहा कि माता-पिता ईश्वर से कम नहीं होते, उनकी सेवा करने से ईश्वर स्वयं प्रसन्न होते हैं और सभी मनोकामनाएँ पूर्ण करते हैं। यह कार्यक्रम समाज के लिए प्रेरणादायक है।
श्रद्धांजलि सभा के अवसर पर 500 जरूरतमंदों को कंबल वितरित किये गये । इससे पूर्व सुंदरकांड पाठ और भव्य भंडारा का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
कार्यक्रम में भाजपा नेता डॉ. विपुलेंद्र प्रताप सिंह, सी.बी. मिश्रा, तेज नारायण मिश्रा, सुशील पांडे, निरंजन सिंह, जितेंद्र मिश्रा, मोहन सिंह, पूर्व प्रधान भरत सिंह, मुटन राय, जिला पंचायत सदस्य विनोद यादव, राधेश्याम पांडे, राकेश मिश्रा, पूर्व प्रधान राज नारायण पासवान आदि ने अपने विचार रखे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष विजय बहादुर सिंह ने की, जबकि संचालन अमिताभ उपाध्याय ने किया।
अंत में अखंड भारत निर्माण मिशन के संस्थापक पंडित मोहन चंद उपाध्याय व श्रीमती आभा उपाध्याय ने सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया।



