
बांसडीह (बलिया)। लखनऊ में भाजपा विधायक केतकी सिंह के आवास पर समाजवादी पार्टी (सपा) महिला विंग द्वारा किए गए प्रदर्शन को लेकर बुधवार को भाजपा कार्यकर्ताओं में आक्रोश दिखा। गुस्साए कार्यकर्ताओं ने बांसडीह चौराहा पर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का पुतला फूंककर विरोध दर्ज कराया।

इस दौरान पुलिस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच पुतला दहन को लेकर छीना-झपटी भी हुई। बावजूद इसके कार्यकर्ताओं ने पुतला जला दिया और अखिलेश यादव व समाजवादी पार्टी के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।
गौरतलब है कि हाल ही में बेरूआरबारी में आयोजित एक स्वास्थ्य विभाग के कार्यक्रम में विधायक केतकी सिंह ने अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए “टोंटी चोरी” का मुद्दा उठाया था। उनके इस बयान से नाराज होकर सपा महिला विंग की कार्यकर्ताओं ने लखनऊ स्थित विधायक आवास का घेराव किया और जमकर नारेबाजी की थी।
इसी घटना के विरोध में बांसडीह में भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। विरोध प्रदर्शन में भाजपा मंडल अध्यक्ष राकेश वर्मा, दीपू सिंह, प्रतुल ओझा, राकेश सिंह, चंदन गुप्ता, अभिनव सिंह चंचल, नीरज दुबे सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।