
दुबहड़,(बलिया)। क्षेत्र के शिवपुर दियर नई बस्ती बेयासी स्थित उद्धव दास जी मठिया के समीप 17 मई से 25 मई 2026 तक आयोजित होने वाले ‘श्री शतचण्डी महायज्ञ सह शुक्ल यजुर्वेद स्वाहाकार यज्ञ’ का विशाल कलश एवं शोभायात्रा यात्रा रविवार को सुबह निकला। यज्ञ मंडप स्थल से जब कलश यात्रा प्रारंभ हुई, तो संपूर्ण क्षेत्र “जय श्री राम” और “हर-हर महादेव” के जयघोष से गुंजायमान हो उठा। यात्रा में बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और बच्चों ने पीले वस्त्र धारण कर सहभागिता की।

माथे पर मंगल कलश लिए श्रद्धालु पैदल मार्च करते हुए भक्ति भाव में सराबोर नजर आए। यह शोभायात्रा यज्ञ स्थल से शुरू होकर पूरे गांव का भ्रमण करते हुए बाबा हरिहरनाथ मंदिर, बेयासी ढाला और जनाड़ी तिराहा से होते हुए जनेश्वर मिश्र सेतु स्थित मुक्तिधाम गंगा घाट पहुंची। घाट पर विद्वान आचार्य रणजीत तिवारी, रोहित पांडे, अनिमेष मिश्रा तथा अजीत मिश्रा के निर्देशन में मुख्य यजमान हरिहर तिवारी, अवध तिवारी, कामेश्वर पांडेय, विनोद सिंह तथा भरत मिश्रा ने सविधि पूजन संपन्न किया। वैदिक मंत्रोचार के बीच पवित्र गंगा जल को कलशों में भरा गया। जिसके बाद यात्रा पुनः यज्ञ स्थल पर आकर संपन्न हुई। कलश यात्रा की भव्यता देखते ही बन रही थी। यात्रा में सजे-धजे घोड़े, ढोल-नगाड़े और डीजे पर बज रहे भक्ति गीतों ने श्रद्धालुओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, इस महायज्ञ से क्षेत्र में सुख-शांति और समृद्धि का आगमन होगा। यज्ञाचार्य श्रीप्रकाश मिश्रा’ श्रीधराचार्य ने बताया कि कलश एवं शोभा यात्रा के पश्चात दिन में पंचांग पूजन एवं मंडप प्रवेश का कार्यक्रम सविधि संपन्न हुआ। यज्ञ समिति के अध्यक्ष भगवान जी मिश्रा ने बताया कि यज्ञ समिति के सभी सदस्य यज्ञ में आए हुए साधु, महात्मा एवं श्रद्धालुओं के सेवा में तत्पर हैं। थानाध्यक्ष अजय पाल पुलिस फोर्स के साथ शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए तत्पर रहे।इस अवसर पर ग्राम प्रधान धर्मेंद्र यादव’ भुवर, राजू मिश्रा, गणेश जी सिंह, शशिकांत सिंह, मनु सिंह, बीसीसी पवन गुप्ता, सुरेंद्र यादव, अजीत यादव, चंद्रप्रकाश पाल, नंद कुमार चौबे, अनिमेष मिश्र, रिंकू पांडे, कामेश्वर पांडे ,अवध तिवारी , बसंत सिंह, कमलदेव सिंह, बबलू सिंह, कमलेश्वर प्रसाद, आनंद यादव, सुरेंद्र यादव आदि लोग मौजूद रहे।



