बैरिया में 28-29 मार्च को विशाल रोजगार महोत्सव,युवाओं को मिलेगा रोजगार का अवसर

लालगंज (बलिया)। क्षेत्र के युवाओं के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। बैरिया विधानसभा क्षेत्र में 28 एवं 29 मार्च 2026 को बाबा लक्ष्मण दास राष्ट्रीय इंटर कॉलेज परिसर में “विशाल रोजगार महोत्सव” का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम के माध्यम से देश की नामी ऑटोमोबाइल कंपनियां सीधे युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराएंगी।

इस आयोजन की घोषणा करते हुए निर्भय नारायण सिंह ने कहा कि उनका उद्देश्य क्षेत्र के अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार से जोड़ना है। उन्होंने “हर हाथ को काम, हर युवा को रोजगार” का संकल्प दोहराते हुए युवाओं से इस अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
बताया जा रहा है कि रोजगार महोत्सव में विभिन्न कंपनियों द्वारा मौके पर ही साक्षात्कार लेकर योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। इससे स्थानीय युवाओं को घर के पास ही रोजगार पाने का सुनहरा अवसर मिलेगा।
आयोजकों ने क्षेत्र के सभी परिवारों से अपील की है कि वे अपने घर के कम से कम एक युवा को इस महोत्सव में अवश्य भेजें, ताकि वे रोजगार के इस अभियान का हिस्सा बन सकें।
स्थानीय लोगों का मानना है कि इस तरह के आयोजन से क्षेत्र में बेरोजगारी की समस्या को कम करने में मदद मिलेगी और बैरिया के विकास को नई दिशा मिलेगी।



