
लालगंज (बलिया) । मांझी थाना पुलिस ने थानाध्यक्ष बिनोद कुमार के नेतृत्व में शराब तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गुरुवार की रात दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि यूपी के बलिया से मोटर चालित नौका के जरिए अवैध रूप से अंग्रेजी शराब लाई जा रही है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने कौरुधौरु गांव के समीप छापेमारी कर नौका से शराब ला रहे दो तस्करों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से 235 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की गई।
गिरफ्तार तस्करों की पहचान कौरुधौरु गांव निवासी शंकर चौधरी के पुत्र नीरज चौधरी और रुदल चौधरी के पुत्र संजय चौधरी के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है, वहीं शराब तस्करी में प्रयुक्त मोटर चालित नौका को भी जब्त कर लिया गया है।
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र के शराब तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है।



