पुलिस पिकेट के पास मोबाइल की दुकान से चोरों ने उड़ाया लाखों का सामान

रसड़ा (बलिया)।स्थानीय नगर के प्यारेलाल चौराह के समीप पुलिस पिकेट से मात्र पचास मीटर की दूरी पर स्थित चौरसिया मोबाइल की दुकान में मंगलवार की रात करकट तोड़कर चोरों ने नगदी समेत लाखों रुपए का मोबाइल फोन आदि सामान पर हाथ साफ कर दिया।चोरी की वारदात से अन्य दुकानदारों में दहशत पैदा हो गया है। घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंच कर छानबीन में जुट गई है।बताया जाता है कि क्षेत्र के परसिया गांव निवासी संजय चौरसिया कस्बा के प्यारेलाल चौराहे पर मोबाइल की दुकान करते हैं। मंगलवार को देर शाम को वे अपनी दुकान बंद कर घर चले गए। अगले दिन बुधवार को सुबह लगभग आठ बजे उनका स्टाफ दुकान खोला तो देखा कि दुकान के छत का करकट टूटा हुआ है और रैक से कीमती मोबाइल आदि सामान गायब है। उन्होंने इसकी जानकारी दुकानदार संजय को फोन करके दिया। सूचना मिलते ही वह तुरंत दुकान पर पहुंचे।वे चोरी की वारदात देख आवाक रह गए। उन्होंने घटना की सूचना डायल 112 की पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंच कर छानबीन की।दुकानदार ने बताया कि लगभग दो लाख रुपए की सामान चोरी हुई है। बताया कि चोर छत का करकट तोड़कर दुकान में अंदर प्रवेश कर गए और उसमें रखा दस अदद कीमती एंड्रॉयड मोबाइल समेत करीब पचास अदद कीपैड मोबाइल आदि सामान के साथ ही काउंटर में रखे लगभग आठ-दस हजार नकदी को चुराकर भाग निकले हैं। दुकानदार ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।



