
दुबहड़ (बलिया)। ब्लॉक संसाधन केंद्र दुबहर के प्रांगण मे बुधवार को समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत समेकित शिक्षा में ब्लॉक दुबहर,हनुमानगंज और सोहांव से प्राथमिक,उच्च प्राथमिक विद्यालय में अध्यनरत दिव्यांग बच्चों को एलिम्को कानपुर के सहयोग से निशुल्क उपकरण का वितरण किया गया कार्यक्रम का शुभारंभ बेसिक शिक्षा अधिकारी मनीष कुमार सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी राकेश कुमार सिंह,जिला समन्वयक, ओमप्रकाश सिंह,शिक्षक संघ अध्यक्ष अजीत पांडे ने संयुक्त रूप से मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित व दीप प्रचलित कर किया ।
बीएसए मनीष कुमार सिंह ने कहा कि दिव्यांगता को ताकत के रूप में उपयोग कर,आप सभी को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ना होगा। उन्होंने सभी शिक्षकों एवं अभिभावकों से अपील की की दिव्यांग बच्चों को उनके रुचि के आधार पर शिक्षित करने में सहयोग प्रदान करें। ताकि बच्चे अपनी उड़ान भर सके। उन्होंने शिक्षकों से दिव्यांग बच्चों की पढ़ाई लिखाई पर विशेष ध्यान ध्यान देने की अपील की। खंड शिक्षा अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने कहा कि दिव्यांग बच्चों को उचित शिक्षा मिले, साथ ही माता-पिता व शिक्षकों से उचित सहयोग मिले तो वे किसी भी क्षेत्र में सफल हो सकते हैं। दिव्यांग बच्चों को सहायता उपकरण देना वास्तव में बहुत बड़ा पुनीत कार्य है। बीएसए मनीष कुमार सिंह ने दिव्यांग बच्चों को पुष्प मालाओं से सम्मानित कर उपकरण,उपस्कर वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम में ट्राई साइकिल, व्हीलचेयर, कृत्रिम अंग, बैसाखी, श्रवण यंत्र, इलेक्ट्रिक स्टिक, मानसिक बच्चों के लिए किट, दिव्यांग बच्चों के लिए टीएलएम किट सहित 101 दिव्यांग बच्चों को उपकरण,उपस्कर वितरण किया गया। उपकरण पाकर दिव्यांग बच्चों के चेहरे खिल गए। इस मौके पर शिवकुमार सिंह, शैलेंद्र सिंह, रीना राय, जितेंद्र सिंह, मंजू लता, रुद्र प्रताप सिंह, चंद्रगुप्त, अनिल कुमार, अखिलेश प्रताप सिंह, गोविंद राय, अभिषेक सिंह, अंबेश्वर पांडे सहित बच्चे एवं अभिभावक उपस्थित रहे।



