
बलिया। नगर कोतवाली में तैनात एक सिपाही द्वारा महिला को लगातार मैसेज भेजने का मामला सामने आने पर पुलिस अधीक्षक ने कड़ा रुख अपनाया है। महिला की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने आरोपी सिपाही को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है, साथ ही पूरे प्रकरण की जांच सीओ सिटी को सौंपी गई है।
शहर की रहने वाली एक महिला कुछ दिनों पूर्व अपनी समस्या को लेकर प्रार्थना पत्र देने नगर कोतवाली पहुंची थी। प्रार्थना पत्र पर महिला का मोबाइल नंबर भी दर्ज था। आरोप है कि कोतवाली में तैनात सिपाही पंकज पाठक ने उसी नंबर को अपने मोबाइल में सेव कर लिया और बाद में उस पर मैसेज करने लगा।
महिला ने व्हाट्सऐप के जरिए आपत्ति जताते हुए सिपाही को ऐसा न करने की चेतावनी भी दी,लेकिन इसके बावजूद उसकी हरकतें बंद नहीं हुईं। परेशान होकर महिला ने बुधवार को पूरे मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह से की।
एसपी ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए आरोपी सिपाही को निलंबित कर दिया और मामले की जांच की जिम्मेदारी सीओ सिटी मो. उस्मान को सौंप दी है। इस संबंध में एएसपी (दक्षिणी) कृपा शंकर ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद सिपाही को सस्पेंड कर दिया गया है और मामले की जांच जारी है।
पुलिस विभाग की इस कार्रवाई को महिला सुरक्षा और अनुशासन के लिहाज से अहम माना जा रहा है।



