
लालगंज(बलिया) । दोकटी पुलिस ने लाउडस्पीकर अभियान के तहत चिरंजी छपरा स्थित मस्जिद पर तैनात मौलवी अल्ताफ रजा पुत्र अताउल्लाह के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
थानाध्यक्ष अनुपम जायसवाल ने बताया कि वाहन चेकिंग अभियान के दौरान चौकी प्रभारी लालगंज आशुतोष मद्धेशिया अपनी टीम के साथ चेकिंग में लगे थे। उसी समय चिरंजी छपरा स्थित मस्जिद से तेज आवाज में नमाज पढ़े जाने की सूचना मिली।
स्थानीय लोगों ने बताया कि कई बार आवाज कम करने की अपील की गई थी, किंतु मस्जिद संचालक द्वारा ऐसा नहीं किया गया, जिससे आसपास के निवासियों को काफी परेशानी हो रही थी।
जांच के दौरान पाया गया कि मौलवी अल्ताफ रजा, निवासी डाबर मोड़, थाना सुल्तानपुर, जिला वर्धमान (पश्चिम बंगाल), हाल मुकाम चिरंजी छपरा, द्वारा लाउडस्पीकर से तेज आवाज में नमाज पढ़ी जा रही थी।
इस पर पुलिस ने पर्यावरण संरक्षण अभियान के तहत धारा 223(ए), 293(बीएनएस) एवं 15(1) के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।



