
लालगंज(बलिया) । चक्रवाती तूफ़ान मोंथा के असर से मौसम ने अचानक करवट बदल ली है। गुरुवार को सुबह से ही आसमान में बादल छाये रहे और ठंडी हवाओं के साथ हल्की बूंदाबांदी ने सर्दी का अहसास बढ़ा दिया।
अचानक ठंड बढ़ने से जनजीवन प्रभावित हो गया है। एकाएक लोगो को गर्म कपड़ों की तलाश शुरू हो गयी हैं। बच्चे, बूढ़े,बुजुर्ग रोगी ठंड के कारण सिकुड़े हुए घरों में दुबकने को मजबूर हैं। दिनभर चली ठंडी हवाओं ने लोगों को रजाई-कंबल की याद दिला दी।
बाजारों में रौनक कम दिखी, जबकि चाय की दुकानों और ऊनी वस्त्रों की दुकानों पर ग्राहक की भीड़ बढ़ गई। मौसम विभाग की माने तो आने वाले दो-तीन दिनों तक ठंड में और इज़ाफ़ा होने की संभावना जताई है।
मौसम में आये इस अचानक बदलाव ने किसानों की चिंता भी बढ़ा दी है। धान की कटाई के बाद खेतों में रखी फसल पर नमी बढ़ने का खतरा मंडरा रहा है। वहीं, सब्ज़ी और दलहन की फसलों पर भी ठंडी हवाओं का असर पड़ सकता है जिसको लेकर किसान भयभीत है ।



