कार्यक्रमबलियाशिविर

नगर पंचायत बैरिया के मखदुमपुर में लगा निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर

सैकड़ों मरीजों ने कराई जांच, दवाओं का हुआ वितरण

बलिया। एडीआरएम निर्भय नारायण सिंह के नेतृत्व एवं आईएसआरएन के तत्वावधान में नगर पंचायत बैरिया के मखदुमपुर में “स्वास्थ्य जीवन एक्सप्रेस” निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर में नेत्र, हड्डी रोग, स्त्री रोग और फिजिशियन विशेषज्ञों की टीम ने सैकड़ों मरीजों की जांच की तथा उन्हें निःशुल्क दवाएं और आवश्यक उपकरण वितरित किए।

स्वास्थ्य शिविर वाहन की जिम्मेदारी निभा रहे शिवपूजन जी एवं पुतुल तिवारी पूरे समय मरीजों का हाल-चाल लेते रहे।

एडीआरएम निर्भय नारायण सिंह ने कहा कि “ग्रामीण अंचलों में स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच सीमित है। हमारा प्रयास है कि ऐसे स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को निःशुल्क और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें। आगे भी हर क्षेत्र और गांव में इस तरह के शिविर आयोजित किए जाएंगे।”

नेत्र विशेषज्ञों ने बताया कि “गांव के कई लोग आंखों की समस्याओं को नजरअंदाज कर देते हैं। शिविर में बड़ी संख्या में मरीजों ने जांच कराई और कई को चश्मा भी उपलब्ध कराया गया।”

हड्डी रोग विशेषज्ञों के अनुसार “अधिकांश मरीज जोड़ों और कमर दर्द से पीड़ित मिले। समय पर जांच और उपचार से इन समस्याओं पर नियंत्रण पाया जा सकता है।”

स्त्री रोग विशेषज्ञों ने कहा कि “गांव की महिलाएं संकोचवश अपने रोग छिपा लेती हैं। मासिक धर्म, खून की कमी और प्रसव के बाद की समस्याओं को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। समय पर जांच और उपचार से इन रोगों पर काबू पाया जा सकता है।”

शिविर में सबसे अधिक मरीज ब्लड प्रेशर, शुगर और पेट संबंधी बीमारियों से ग्रसित पाए गए। विशेषज्ञों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में जीवनशैली संबंधी रोग तेजी से बढ़ रहे हैं। संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और समय-समय पर जांच ही इन बीमारियों से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।

निर्भय नारायण सिंह ने कहा कि “गरीब और असहाय मरीजों के लिए यह शिविर किसी वरदान से कम नहीं है। हम चाहते हैं कि ऐसे शिविर लगातार आयोजित होते रहें।”

दिनभर शिविर में मरीजों और परिजनों की भारी भीड़ रही। ग्रामीणों ने इस आयोजन की सराहना करते हुए आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

शिविर में सैकड़ों रोगियों की जांच कर निःशुल्क दवा वितरण किया गया, दर्जनों मरीजों के खून की जांच और सैकड़ों लोगों की आंखों की जांच की गई।
इस अवसर पर शिवपूजन वर्मा एवं फार्मासिस्ट, टेक्नीशियन, स्टाफ नर्स सहित कई स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।

शिविर में पहुंचे बुजुर्गों और महिलाओं ने एडीआरएम निर्भय नारायण सिंह को इस नेक पहल के लिए आशीर्वाद दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button