
रसड़ा(बलिया)। नागाजी सरस्वती विद्या मंदिर अखनपुरा (रसड़ा) के कक्षा 12वीं के होनहार छात्र कौशिक सिंह ने झांसी में आयोजित क्षेत्रीय ज्ञान-विज्ञान मेला में प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय, अभिभावकों और पूरे क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया।कौशिक का रोबोटिक रेस्क्यू मॉडल बोरवेल में गिरने वाले बच्चों को सुरक्षित निकालने की अभिनव तकनीक पर आधारित था। उनकी यह वैज्ञानिक प्रस्तुति निर्णायकों के साथ-साथ दर्शकों के बीच भी चर्चा का केंद्र बनी रही।विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. राजेंद्र पांडे ने कौशिक सिंह को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया तथा उनके माता-पिता और मेंटर प्रमोद सिंह को भी बधाई दी। उन्होंने कहा कि कौशिक की सफलता पूरे विद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय है। यह उपलब्धि उसकी मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और माता-पिता के सहयोग का परिणाम है।कौशिक सिंह 7 नवंबर को जालंधर (पंजाब) में होने वाले अखिल भारतीय ज्ञान-विज्ञान मेला (राष्ट्रीय स्तर) में विद्यालय एवं क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करेंगे।विद्यालय परिवार ने उन्हें शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की।



