कार्यक्रमबलिया

सांसद सनातन पाण्डेय ने लगायी चौपाल,सुनी जनता की समस्या

लालगंज (बलिया) । सांसद सनातन पांडेय ने बुधवार की देर शाम शिवपुर पंचायत के ललित नारायण पाठक के दरवाजे पर चौपाल लगाकर लोगों की समस्याएं सुनीं। चौपाल में क्षेत्र के विभिन्न गांवों के ग्रामीणों ने अपने-अपने मुद्दे सांसद के समक्ष रखे।

ग्राम पंचायत सोनबरसा के संजय प्रजापति ने आवेदन देकर बताया कि कुम्हार समाज के लोगों के नाम से भूमि का पट्टा कटा हुआ है ताकि वे मिट्टी के बर्तन बनाकर अपना पारंपरिक व्यवसाय कर सकें, किंतु उस भूमि पर अवैध कब्जा होने के कारण वे उपयोग नहीं कर पा रहे हैं। इससे उनके जीविकोपार्जन पर संकट उत्पन्न हो गया है।

वहीं आराजी माफी शिवपुरी के ग्रामीणों ने प्राथमिक विद्यालय शिवपुर से हरिजन बस्ती होते हुए चौराहा तक क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत की मांग की। लालगंज व्यापार मंडल ने बाजार में सोलर लाइट लगाने की मांग रखी। इसके अलावा पंचायत सहायकों ने मानदेय बढ़ाने व स्थायी पद की मांग को लेकर पत्रक सौंपा।

मांगों पर तत्काल कार्रवाई करते हुए सांसद सनातन पाण्डेय ने उपजिलाधिकारी बैरिया को फोन कर निर्देशित किया कि तहसील क्षेत्र में जिन कुम्हारों के नाम पट्टा कटा है, उन्हें भूमि पर काबिज कराया जाए।
व्यापारियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि जल्द ही लालगंज बाजार में सोलर लाइट लगाई जाएगी।
सड़क मरम्मत के संबंध में सांसद ने कहा कि “अभी बजट की कमी है, लेकिन प्रयास रहेगा कि जल्द ही इस मार्ग की मरम्मत कराई जा सके।”
इसके पूर्व सांसद ने सावन छपरा, शिवपुर सहित आसपास के कई गांवों का भ्रमण किया और लोगों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनीं तथा तत्काल समाधान या आश्वासन दिया।

चौपाल में रहे उपस्थित
संजय मिश्रा, तारकेश्वर मिश्रा, दशरथ यादव, विनायक मौर्य, ललित नारायण पाठक, उदित नारायण पाठक, राजेश गुप्ता, श्रीकांत यादव, धनंजय यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button