
बांसडीह (बलिया)। बांसडीह, बलिया मार्ग पर शुक्रवार की देर रात गांधी आश्रम के पास तेज रफ्तार बाइक से धक्का लगने से 30 वर्षीय आटो चालक की मौत हो गई । हादसा में घायल बाइक सवार को भी सीएचसी में इलाज के बाद जिला चिकित्सालय में भर्ती किया गया है।
क्षेत्र के पिंडहरा गांव निवासी 30 वर्षीय मंजय यादव आटो चलाता था। देर रात दस बजे बांसडीह चौराहे के पास आटो खड़ा कर अपने घर पैदल ही जा रहा था। ब्लाक से थोड़ा आगे मुख्य सड़क पर धक्का लगने से मंजय गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। पिता, पुत्र बाइक सवार 48 वर्षीय राजेश व 20 वर्षीय रमन भी घायल हो गए। ग्रामीणों ने तीनों घायलों को सीएचसी बांसडीह पहुंचाया जहां से चिकित्सकों ने जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। मंजय की इलाज के दौरान मौत हो गई। बाइक सवार पिता, पुत्र का जिला चिकित्सालय में इलाज चल रहा है।
मंजय यादव की मौत से पत्नी गुड़िया देवी का रो रोकर बुरा हाल है ।मृतक मंजय को पुत्री अंशिका व पुत्र दीपक है।
आटो चालक मंजय यादव की मौत पर आटो चालक संघ के अध्यक्ष राजू सिंह के नेतृत्व में सभी चालकों ने शोक में आटो का संचालन शनिवार को बंद कर दिया। दुर्गा मंदिर पर बैठक कर शोक व्यक्त किया। शोक में आटो नही चलने से जिला मुख्यालय जाने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।