
लालगंज (बलिया)। श्री 1008 स्वामी मुनिश्वरानन्द उर्फ खपड़िया बाबा के 40वें निर्वाण दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले अतिरुद्र महायज्ञ की अंतिम तैयारियों को लेकर रविवार को आश्रम संकीर्तन नगर (श्रीपालपुर) के प्रांगण में श्रद्धालुओं की विशाल बैठक सम्पन्न हुई।
बैठक में महायज्ञ की जलयात्रा, महाआरती, पूर्णाहुति एवं भंडारे से संबंधित सभी बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा कर तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। बैठक में बताया गया कि 21 दिसंबर (रविवार) को प्रातः 8 बजे आश्रम से शिवपुर गंगा घाट तक भव्य जलयात्रा निकाली जाएगी।
कार्यक्रम के अनुसार सोमवार को पंचांग एवं वेदी पूजन, मंगलवार को अरणि मंथन के साथ महायज्ञ का विधिवत शुभारंभ होगा। 1 जनवरी (गुरुवार) को अपराह्न 2:10 बजे महाआरती संपन्न होगी, जिसमें परंपरानुसार पूज्य स्वामी हरिहरानन्द जी महाराज द्वारा समाधि प्रवेश किया जाएगा।
महायज्ञ की पूर्णाहुति 2 जनवरी को तथा प्रसाद वितरण व विशाल भंडारा 3 जनवरी को आयोजित किया जाएगा।
बैठक में पूज्य स्वामी श्री हरिहरानन्द जी महाराज, श्री विरक्तानन्द विभू चैतन्य जी, ब्लॉक प्रमुख कन्हैया सिंह, धर्मवीर उपाध्याय, अमर सिंह, गुप्तेश्वर सिंह, धनंजय सिंह, संतोष सोनी, संजय सिंह, डॉ. राजेन्द्र मिश्र, रामाशंकर यादव, बबलू सिंह, मनोज कुशवाहा, संदीप यादव, रंजय यादव, मनोज उपाध्याय, पिंटू यादव एवं वृषभान सिंह सहित खपड़िया बाबा परिवार के सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।
बैठक का संचालन पूर्व जिला पंचायत सदस्य शैलेश सिंह ने किया।



