
चाचा के साथ खेत जा रहा था मासूम, अनियंत्रित होकर पलटा ट्रैक्टर
बांसडीह (बलिया)। क्षेत्र के सारंगपुर गांव के पास गुरुवार की सायं एक दर्दनाक हादसे में छह वर्षीय बालक की ट्रैक्टर से गिरकर दबने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार सारंगपुर गांव निवासी विजय यादव का पुत्र अंजनी अपने चाचा सुनील यादव के साथ ट्रैक्टर पर बैठकर खेत की ओर जा रहा था। जैसे ही ट्रैक्टर सारंगपुर पुलिया के पास पहुंचा, चालक सुनील यादव ने वाहन मोड़ने का प्रयास किया। इसी दौरान अंजनी असंतुलित होकर ट्रैक्टर से नीचे गिर पड़ा।
बच्चे को गिरता देख चालक घबरा गया और ट्रैक्टर से नियंत्रण खो बैठा। अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर वहीं पलट गया। इस हादसे में मासूम अंजनी नीचे की सीमेंटेड सड़क और ट्रैक्टर के बीच दब गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। सूचना मिलते ही घर की महिलाएं और अन्य परिजन रोते-बिलखते घटनास्थल पर पहुंच गए। घटना के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई।
मौके पर पहुंचे कोतवाल प्रवीण कुमार सिंह ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस परिजनों से बातचीत कर आगे की विधिक प्रक्रिया में जुटी हुई है।
इस हृदयविदारक घटना से गांव में मातम पसरा हुआ है।



