
लालगंज (बलिया) । स्वर्गीय रामनारायण सिंह की स्मृति में आयोजित पाँचवीं विशाल सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता–2026 का आयोजन रविवार को भाला बाबा के मठिया, रामपुर (बाजिदपुर) में भव्य रूप से संपन्न हुआ। इस ज्ञानवर्धक प्रतियोगिता में क्षेत्र के हजारों छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी बौद्धिक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारत सरकार के रेल मंत्रालय में कार्यरत आई.आर.टी.एस. अधिकारी निर्भय नारायण सिंह रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि इस प्रकार की सामान्य ज्ञान प्रतियोगिताएँ छात्रों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इससे न केवल बौद्धिक क्षमता का विकास होता है, बल्कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में भी सहायता मिलती है उन्होंने ग्रामीण क्षेत्र में इस तरह के आयोजनों को विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

प्रतियोगिता को तीन वर्गों में आयोजित किया गया। लिटिल ग्रुप में कक्षा 3 से 5 तक,जूनियर ग्रुप में कक्षा 6 से 8 तक तथा सीनियर ग्रुप में कक्षा 11 से लेकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों ने भाग लिया। सभी वर्गों में प्रश्नों का स्तर विद्यार्थियों की कक्षाओं के अनुरूप रखा गया, जिससे प्रतियोगिता रोचक और ज्ञानवर्धक बनी रही।
इस प्रतियोगिता की विशेष बात यह रही कि प्रतिभागियों से कोई पंजीकरण शुल्क नहीं लिया गया। आयोजकों का उद्देश्य अधिक से अधिक विद्यार्थियों को ज्ञान के प्रति जागरूक और प्रोत्साहित करना रहा। प्रतियोगिता के सफल संचालन में संयोजक भगत सिंह (सैनिक) की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिनके नेतृत्व में कार्यक्रम अनुशासित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।
इस अवसर पर जिला पंचायत प्रत्याशी सुमित सिंह, पूर्व प्रधानाध्यापक देवता नन्द राय, प्रबंधक मुन्ना सिंह, अध्यापक रामकृष्ण सिंह, महावीर यादव, धर्मेन्द्र कुमार यादव, नरेन्द्र यादव, मोतीलाल यादव, धनंजय यादव, विक्की यादव,काली दुबे सहित अनेक शिक्षक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। साथ ही गुड्डू सिंह,दीपू सिंह,राजा सिंह, अजय यादव,राजकुमार पासवान समेत बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी कार्यक्रम में शामिल हुए।
अंत में आयोजकों द्वारा प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। क्षेत्र में इस सफल आयोजन की व्यापक सराहना की जा रही है।



