
बांसडीह(बलिया)। क्षेत्र के किर्तुपुर चट्टी पर शुक्रवार की सायं पुरानी रंजिश तथा इंस्टाग्राम पर फ़ोटो स्टोरी लगाने के विवाद को लेकर दो युवकों ने एक युवक को पेट में चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। परिजन सीएचसी बांसडीह ले गये जहां से चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। जिला अस्पताल से डाक्टरों ने शनिवार की सुबह वाराणसी रेफर कर दिया। पुलिस ने युवक के चाचा की तहरीर पर दो हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। क्षेत्र के खरौनी (बंधा पर) निवासी 18 वर्षीय शैलेंद्र यादव दवा लेने किर्तुपुर चट्टी पर गया था। वहां पहले से मौजूद खरौनी के ही फिरंगी टोला निवासी अनीश यादव और बंटी यादव ने पुरानी रंजिश और सोशल मीडिया पर डाली गई एक फोटो को लेकर शैलेंद्र को घेर लिया और गाली गलौज करने लगे। इसका विरोध करने पर दबंगों ने जान से मारने की नीयत से शैलेंद्र के पेट में चाकू मार दिया। चाकू लगने के बाद घायल युवक शैलेंद्र की चीख पुकार सुनकर जब तक आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने घायल को बांसडीह अस्पताल पहुंचाया। घायल युवक की स्थिति जिला अस्पताल में गंभीर होने पर वाराणसी रेफर कर दिया। प्रभारी निरीक्षक बांसडीह प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि घायल युवक के चाचा देवबहादुर यादव की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच किया जा रहा है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



