
सहतवार(बलिया)। बांसडीहरोड-सहतवार मार्ग पर थाना क्षेत्र के बघांव गांव के सामने शुक्रवार की सुबह स्कूटी और ट्रक में टक्कर से भांजे की मौत हो गयी तथा मामी गंभीर रुप से घायल हो गयी। मौके पर पहुंची पुलिस ने भांजे के शव को जिला अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गंभीर रूप से घायल मामी को जिला अस्पताल से इलाज के बाद वाराणसी रेफर कर दिया गया है।
रेवती कस्बा के वार्ड नम्बर चार निवासी अंजनी पाण्डेय की पत्नी 35 वर्षीय दिव्या अपने भांजा मनियर थाना क्षेत्र के कोटवां गांव निवासी 21 वर्षीय आदित्य मिश्र के साथ स्कूटी से बलिया जा रही थी। बघाव गांव के पास बांसडीहरोड की ओर से सहतवार की ओर जा रही ट्रक ने स्कूटी में टक्कर मार दिया। टक्कर से स्कूटी चालक आदित्य की मौके पर ही मौत हो गयी तथा दिव्या गंभीर रूप से घायल हो गयी । मौके पर पहुंचे सहतवार थानाध्यक्ष अनिल सिंह ने दिव्या को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा जहां से गंभीर अवस्था में वाराणसी रेफर कर दिया गया। अनिल सिंह ने बताया कि ट्रक को कब्जा में लेकर मामले की जांच किया जा रहा है। दिव्या रसड़ा के एक निजी बैंक में कार्यरत हैं।



